ग्रामीणों से पूछी योजना, ताकि मिले सके योजनाओं का लाभ
भास्कर संवाददाता | गंजबासौदा
गांव रजौदा में ग्राम स्वराज अभियान अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिला बाल विकास विभाग के उप सचिव शिवराज मीणा ने ग्रामीणों को अभियान के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही गांव में योजना अंतर्गत किए गए कार्यों की समीक्षा की ।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि ग्राम स्वराज अभियान 14 अप्रैल से 5 मई तक 21058 गांवों में जन कल्याणकारी योजनाओं का शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के संकल्प के साथ चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान अभियान के तहत स्वच्छ भारत पर्व मनाया गया जिसमें ग्रामीणों को अपने गांव को स्वच्छ बनाने के लिए जागरूक किया गया। इसी क्रम में 20 अप्रैल को ग्राम पंचायतों में उज्जवल पंचायत कार्यक्रम आयोजित कर नवीन कनेक्शन देेने व सुरक्षा प्रशिक्षण दिया जाएगा। 24 अप्रैल को पंचायत राज दिवस पर ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा।
28 अप्रैल को ग्राम शक्ति अभियान जिसमें ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना व सौभाग्य सम्मेलन के बारे में जानकारी दी जाएगी। 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत अभियान, 2 मई किसान कल्याण कार्यशाला व 5 मई को आजीविका एवं कौशल विकास मेले का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने जनकल्याण कारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों से पूछा ताकि प्रत्येक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके। इस मौके पर विभागीय अधिकारियों के साथ ही काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।