- Hindi News
- National
- बासौदा अंबानगर के बीच गड्ढों में तब्दील सड़क, निर्माण एक साल बाद भी शुरू नहीं
बासौदा-अंबानगर के बीच गड्ढों में तब्दील सड़क, निर्माण एक साल बाद भी शुरू नहीं
भास्कर संवाददाता | गंजबासौदा
बासौदा-अंबानगर के बीच गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़क निर्माण का कार्य एक साल बाद भी शुरू नहीं हो पाया है। बासौदा से सिरोंज तक 42 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण का कार्य एक साल पहले स्वीकृत हो चुका है। निर्माण कार्य एक साल में अंबानगर तक एक साइड तक भी पूरे नहीं हो पाए हैं। अंबानगर तक 10 किलोमीटर का सफर वाहन चालकों, किसानों और ग्रामीणों के लिए सिर दर्द बना हुआ हैं। दो- दो फीट गहरे गड्ढों के कारण दो पहिया वाहनों के चेंबर जमीन से टकरा रहे हैं। दो पहिया वाहन उछाल मार रहे हैं। निर्माण कंपनी के सूत्रों का कहना है जब तक सिरोंज और अंबानगर के बीच सीसी सड़क का कार्य पूरा नहीं होगा आगे का कार्य शुरू नहीं किया जाएगा। इधर नगर के ट्रांसपोटर्स संघ का कहना है ठेकेदार द्वारा दो साल तक निर्माण शुरू नहीं किया जाएगा तो क्या वाहनों को गड्ढों के बीच चलाना पड़ेगा।
गारंटी के बाद ऐसी रही हालत
पूर्व में सड़क निर्माण का ठेका इसी शर्त के साथ दिया गया था कि पांच साल तक ठेकेदार उसकी मरम्मत करेगा। निर्माण का भुगतान लेने के बाद ठेकेदार ने मरम्मत नहीं कराई तो लोनिवि उसकी दस प्रतिशत राशि राजसात कर लेगी। उस जब्त राशि से दो गुनी अब तक लोनिवि मरम्मत पर खर्च कर चुका है। इसके बाद भी हालात नहीं सुधरे।