- Hindi News
- National
- स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति 25 गांवों के करीब 50 बच्चों को किया जागरूक
स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति 25 गांवों के करीब 50 बच्चों को किया जागरूक
भास्कर संवाददाता | गंजबासौदा
बुधवार दोपहर मिल रोड स्थित हितकारिणी धर्मशाला में प्रसून संस्था द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर 25 गांवों से आए करीब 50 बच्चों को स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गांव उदयपुर, बावली, साहबा, लेहदरा, लमनया, खजूरी सहित खदान क्षेत्रों वाले गांवों में बनाए गए बाल समूह के दो- दो बच्चों को कार्यक्रम में शामिल किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को टीबी, कुपोषण के साथ ही मौसमी बीमारियों के बारे में विस्तार से बताया गया।
साथ ही रोगों की रोकथाम के लिए उपचार कहा कराया जा सकता है व शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों व अस्पतालों में दी जाने वाली सुविधाओं से अवगत कराया ताकि वह रोगों के लक्षण पता चलने पर समय पर ग्रामीणों को उपचार की सलाह दे सके। पत्थर खदानों पर काम करने वाले मजदूर अधिकतर टीबी के रोग से ग्रस्त होते हैं। रोग के लक्षणों की जानकारी न होने से समय पर उपचार नहीं मिल पाता। इसी के साथ पोषण आहर, टीकाकरण की जानकारी न होने से ग्रामीण क्षेत्रों में कुपोषण फैल रहा है।
स्वास्थ्य के साथ ही स्वच्छता पर भी जागरूक करते हुए कहा कि अपने अपने घरों के साथ- साथ गलियों, मोहल्ले व पूरे गांव को साफ रखने की जिम्मेदारी प्रत्येक ग्रामीण को स्वयं उठाना पड़ेगी तभी गांव को स्वच्छ बनाया जा सकेगा। गांव में स्वच्छता रहेगी तो बीमारियां भी कम फैलेगी। प्रसून संस्था सदस्यों ने बताया कि बाल समूह के बच्चों को नियमित कार्यक्रम आयोजित कर जागरूक किया जाता है, ताकि वह गांव- गांव में जागरूकता का संदेश फैला सके। परिवारजनों में रोगों के लक्षण दिखाई देने पर समय पर उपचार कराया जा सके। इसी के साथ शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला ।