पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • खानवा नदी पर 6 माह में पुल की एक सपोर्ट वॉल व एक पाए का काम पूरा नहीं हो सका

खानवा नदी पर 6 माह में पुल की एक सपोर्ट वॉल व एक पाए का काम पूरा नहीं हो सका

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | गंजबासौदा

खानवा नदी पर गांव पिपरिया और औरंगपुर के बीच छह महीने में पुल की एक सपोर्ट वाल और एक पाए का कार्य पूरा नहीं कर पाया है ठेकेदार। कुरवाई विधायक वीरसिंह पंवार एक दिन पहले पुल का काम देखने पहुंचे तो बंद मिला। मौके पर एक चौकीदार रईस खान मिला। खानवा नदी पुल की डिजाइन में परिवर्तन के बाद नवंबर 2017 से निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ था। काम की रफ्तार इतनी सुस्त है कि ठेकेदार पुल की एक सपोर्ट वाल और एक पिलर ही बना पाया है। जबकि तीन पिलर और दूसरे सिरे के सपोर्ट पिलर का निर्माण ही शुरू नहीं हुआ। काम की रफ्तार ऐसी ही रही तो पुल का पूरा निर्माण होने में पांच साल का समय भी कम पड़ जाएगा। निर्माण की सुस्त रफ्तार पर विधायक ने भी नाराजी प्रकट की है।

ठेकेदार ने अब तक नदी पर बायपास मार्ग भी नहीं बनाया है। इससे बारिश में छह गांव के लोगों का आवागमन बंद हो जाएगा। नदी पर पुल बनाने का ठेका प्रधानमंत्री सड़क परियोजना के तहत सवा चार करोड़ की लागत से दिया गया है। इसी ठेकेदार का कुरवाई तहसील के गांव उमरधा में केवटन नदी का पुल बनाने का ठेका है। उसका निर्माण कार्य भी चार साल से चल रहा है जो अब तक पूरा नहीं ं हो पाया है। गांव बाबली के सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इस साल सूखे के कारण नदी में पानी बहना बंद है। वरना छह गांव के रहवासी ढाई फीट गहरे पानी के बीच से निकल कर जाते हैं। नदी में बारह महीने इतना पानी रहता है। गांव बाबली में माध्यमिक स्कूल है। इससे आगे पढ़ाई के लिए बच्चों को उदयपुर जाना पड़ता है। इसी स्थिति के चलते आधे बच्चे पढ़ाई छोड़ देते हैें। इनमें छात्राओं को तो पालक पढ़ाई के लिए जाने ही नहीं देेते।

खबरें और भी हैं...