गंजबासौदा| शुक्रवार दोपहर तोमर मार्केट के पास रहने एक दर्जन से अधिक रहवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष के नाम मुख्य नपा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बस्ती में नपा की जलावर्धन योजना अंतर्गत पाइप लाइन डाले जाने की मांग की गई। रहवासी गोविंद प्रसाद सोनी, कमलेश, गनेशराम, अजबसिंह, मुकेश पंथी ने बताया कि मार्केट तक पाइप लाइन डाली गई है लेकिन उसके पीछे करीब 100 मीटर की दूरी पर कई परिवार निवास करते हैं। वहां पाइप लाइन नहीं ं डाली गई। इससे पेयजल संकट की स्थिति से जूझना पड़ रहा है। जबकि रहवासी नपा सभी टैक्सों का भुगतान करते हैं। इस संबंध में नपा अध्यक्ष को भी अवगत किया जा चुका है इसके बाद भी इस ओर ध्यान नही दिया जा रहा है। अभिषेक जैन, सुनील, कल्लू, कैलाश, प्रेमसिंह का कहना है कि नपा अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की जाए ताकि रहवासी बस्ती में जल्द से जल्द पाइप लाइन डाली जा सके व कनेक्शन दिए जाएं।