समझाइश के बाद भी शाम को रेलवे परिसर में लग रहा है सब्जी मार्केट
यात्रियों को होती है आने-जाने में परेशानी
गंजबासौदा| नगर के मुख्य मार्ग अतिक्रमण की चपेट में आने के बाद अब रेलवे परिसर भी अतिक्रमण की गिरफ्त में आने लगा है। शाम होते ही परिसर सब्जी मार्केट में बदल जाता है। इसके कारण यात्रियों सहित वाहनों को आवागमन में समस्या आ रही है। पहले बाहर से आने वाली महिलाएं यहां दुकानें लगाकर सब्जी बेचती थी। लेकिन आरपीएफ की खामोशी के बाद लोकल के व्यापारियों ने दुकानें लगाना शुरू कर दिया है। इसकी शिकायत स्टेशन प्रबंधक केएस पाल से की गई। उनका कहना है। दुकान लगाने वाली महिलाओं को वहां न बैठने की चेतावनी दे चुके है। लगता है उन पर चेतावनी का असर नहीं है। स्टेशन प्रबंधक ने बताया इस मामले में आरपीएफ को कार्रवाई कराना चाहिए। वह कार्रवाई क्यो नहीं करता। इससे यात्रियों में संदेश जा रहा है कि रेलवे पुलिस मूक दर्शक बनी हुई है। दर असल जिस स्थान पर सब्जी का मार्केट चलने लगा है वह स्थान वाहनों के लिए सुरक्षित है। शाम को मार्केट चलने से वाहनों को इधर उधर पार्क करना पड़ रहा है। इससे परिसर में अव्यवस्था फैल रही है। यात्रियों को स्टेशन आने- जाने में समस्या आती है।