अभियान...वार्ड 20 में अभियान चलाकर की सफाई
गंजबासौदा| नगर पालिका द्वारा वार्डों में विशेष अभियान चलाकर सफाई कार्य कराया जा रहा है। अभियान के चलते वार्ड क्रमांक 20 में जेसीबी की मदद से नाले की सफाई कर दर्जनों ट्राली मलबा शहर से बाहर फेंका गया। नपा के स्वास्थ्य अधिकारी आरके नेमा ने बताया कि नियमित रूप से सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके चलते वार्ड में नालों की जेसीबी से सफाई कराई जा रही है। साथ ही कर्मचारियों द्वारा गलियों में काम किया जा रहा है। नागरिकों ने बताया कि नाले की सफाई न होने से जल निकासी अवरूद्ध होने से जलभराव की समस्या निर्मित हो रही थी। शिकायत किए जाने के बाद नपा द्वारा नाला सफाई के साथ- साथ गलियों में भी कार्य कराया गया। नपा अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान बारिश तक चलाया जाएगा ताकि बारिश से पूर्व नगर के नालों में जमा मलबा बाहर निकाला जा सके। इसी के साथ ही वार्डों में कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया जा रहा है ताकि मच्छरों को पनपने से रोका जा सके।