2 साल से भटक रहे किसानों को अब तक नहीं मिला मुआवजा
गंजबासौदा| गांव रसूलपुर से पठारी खुरई मार्ग निर्माण में की गई भूमि के अधिग्रहण का मुआवजा किसानों को दो साल बाद भी नहीं मिला हैं। इससे परेशान किसान तहसीलदार, एसडीएम, कलेक्टर से लेकर मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के नाम आवेदन सौंपकर शिकायत कर चुके हैं। किसानों ने बताया कि मार्ग निर्माण के दौरान 112 किसानों की जमीन बिना किसी सूचना के अधिग्रहण कर ली गई। अधिग्रहण के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया। काम पूरा होने के बाद भी मुआवजा राशि नहीं मिली। किसानों ने बताया कि उपजाऊ भूमि पर मार्ग निर्माण कराए जाने से कृषक खेती से वंचित हो गए हैं। शिकायत किए जाने के बाद भी मुआवजा नहीं दिया गया। इससे वह मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं। किसानों की मांग है कि जल्द से जल्द मुआवजा राशि दिलाई जाए।