1 बजे से 5 बजे तक बंद रहा बीएसएनएल का इंटरनेट
गंजबासौदा| रविवार दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक बीएसएनएल इंटरनेट बंद होने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। समस्या निराकरण के लिए विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा फोन नहीं उठाया जाता। उपभोक्ताओं का कहना है कि आए दिन इंटरनेट व टेलीफोन सेवा ठप हो जाने से परेशान होना पड़ता है।
अवकाश के दिन इंटरनेट बंद होने पर न तो कार्यालय में कोई मिलता है और न ही फोन उठाया जाता। इससे समय पर समस्या का निराकरण नहीं हो पाता। उपभोक्ता मनोज दुबे का कहना है कि बीएसएनएल की सेवाएं दिन व दिन खराब होती जा रही है। केबल कट जाने व सर्वर डाउन होने के कारण महीने में दस से पंद्रह दिन इंटरनेट ठप रहता है। शिकायत करने पर विभागीय अधिकारियों द्वारा समस्या को गंभीरता से नही लिया जाता। नागरिकों का कहना है कि दूरसंचार विभाग के इंटरनेट टैरिफ के हिसाब से महीने के अंत में राशि का भुगतान करना पड़ता है। समस्या निराकरण की मांग को लेकर कई बार मौखिक व लिखित आवेदन सौंपकर शिकायत की जा चुकी है। इसके बाद भी स्थिति ज्यों की त्यों बनी हुई है।