पंखा शुरू किया तो छत का सीमेंट बैंच पर गिरा
गंजबासौदा| शासकीय राजीव गांधी जन चिकित्सालय के प्रसूता वार्ड की छत से सीमेंट टपक रहा है। रविवार सुबह प्रसूता वार्ड की गैलरी में रखी बैंच पर बैठे युवक के सिर पर सीमेंट का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। किस्मत अच्छी रही कि युवक ने समय रहते हाथ से बचाव कर लिया नहीं तो वह घायल हो सकता था।
घायल ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार के उपचार के लिए अस्पताल आया था। पंखा चालू करने के बाद छत से सीमेंट टूटकर उसके ऊपर गिर गया। मरीजों द्वारा भवन मरम्मत कराए जाने की शिकायत किए जाने के बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नागरिकों का कहना है कि भवन की लंबे समय से मरम्मत न होने से वह कई स्थानों से जर्जर हो चुका है। हालत यह है कि छत से सीमेंट टपकने लगा है। इससे कई स्थानों पर लोहे के सरिए दिखाई देने लगे हैं। बारिश के मौसम में भर्ती वार्डाें से लेकर प्रसूता वार्डों में पानी टपकने से मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मरीजों के साथ आए परिजनों का कहना है कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ भवन की हालत भी जर्जर हो चुकी है। प्रभारी बीएमओ से लेकर जिला स्वास्थ्य अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है।