भास्कर संवाददाता | गंजबासौदा
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान विश्रामगृह में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से मिलकर समस्याएं,शिकायतें करने का दौर कई घंटे चला। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। किसान संघ के प्रतिनिधि मंडल ने जब मुख्यमंत्री से कहा कि समर्थन मूल्य पर चना, मसूर खरीदने की गति इतनी धीमी है कि खरीदी की अंतिम तारीख निकट आती जा रही है। आधे किसान ही उपज बेच पाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसने कहा खरीदी बंद हो रही है। जब तक किसान का एक- एक दाना रहेगा तब तक खरीदी जारी रहेगी। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान करीब 3000 से ज्यादा आवेदन जनता के बीच से आए। कई लोगों ने दो- दो बार आवेदन दिए। मुख्यमंत्री को ही कहना पड़ा कि बार- बार आवेदन न दें। आवेदक अपना समय खराब कर रहे है। हमारा भी समय खराब कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान कई वर्गों व समाज के लोगों ने उनका अभिनंदन किया। ज्ञापन दिया।
मुख्यमंत्री साढ़े चार साल बाद आए थे। इसलिए उनसे मिलने और शिकायत करने वालों की संख्या ज्यादा थी। मुख्यमंत्री ने खुद माना कि ज्यादा समय बाद आया। उन्होंने कटाक्ष भी किया इसमें कुछ हमारी गलती रहीं कुछ जनता की भी। अब देरी नहीं रहेगी। जनसंवाद जैसे ही खत्म हुआ मुख्यमंत्री नगर में नेताओं व कार्यकर्ताओं से संपर्क के लिए निकल गए।