भीषण गर्मी के बीच गढ़वा जिला में अनियमित बिजली आपूर्ति को ठीक कर निर्बाध रूप से बिजली मुहैया कराने की मांग पर झारखंड विकास मोर्चा के जिला अध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने रांची में ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव नितिन कुलकर्णी और बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक राहुल पुरवार से मुलाकात की। उन्होंने दोनों अधिकारियों को लिखे पत्र में कहा है कि गढ़वा जिला में बिजली के लिए हाहाकार मचा हुआ है।
गढ़वा बिजली के लिए पुरी तरह से यूपी के रिहंद व बिहार के सोननगर पर आश्रित है। जिससे मात्र 6-7 घंटे ही बिजली मिल पाती है। ऐसी हालात में हटिया ग्रिड से आपूर्ति के बैगर स्थाई समाधान नहीं हो सकता। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि जिले में 18 से 20 घंटे बिजली की जरूरत है। जिससे भीषण गर्मी से राहत के साथ व्यापारियों का रोजगार व किसानों की पटवन परेशानी दूर हो सके। पत्र में गुप्ता ने कहा है कि बिजली की आंख मिचौली व लो वोल्टेज से परेशान उपभोक्ता आंदोलन करते हैं। परंतु जिले के अधिकारी सिर्फ आश्वासन दिया करते हैं।
सूरज गुप्ता ने मुलाकात के बाद बताया कि दोनों अधिकारियों से सकारात्मक वार्ता हुई है। पलामू-गढ़वा के बीच में रुके हुए काम अब तेजी से चल रहा है। बहुत जल्द गढ़वा को प्रर्याप्त विद्युत मिलने लगेगी। गुप्ता ने पत्र में बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं होने पर आंदोलन करने की बात कही है। इस अवसर पर झाविमो के जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता व युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष रामलाल भुईहर भी उपस्थित थे।
प्रबंध निदेशक को बिजली की समस्या की जानकारी देते जेवीएम नेता।