चिंटू चंद्रवंशी हत्याकांड
गढ़वा | चिंटू चंद्रवंशी हत्या कांड में गढ़वा थाना में पांच से सात अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। मृतक के पिता राजकुमार चंद्रवंशी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है। गुरुवार की अहले सुबह चिंटू की हत्या अपराधियों ने सुखबाना गांव में ही अजय राम के घर की छत पर गोली मारकर कर दी थी। पुलिस चिंटू हत्याकांड के उदभेदन को लेकर लगातार कार्रवाई कर रही है। साथ ही पुलिस इस हत्याकांड में अजय राम की प|ी सुजांती देवी की भूमिका को संदिग्ध पाते हुए उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस की माने तो सुजांती गुरुवार से ही पूछताछ के दौरान पुलिस को लगातार अलग-अलग बयान देकर उसे डायवर्ट करने का काम कर रही है। चिंटू चंद्रवंशी की हत्या में सुजांती की महत्वपूर्ण भूमिका होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। क्योंकि सुजांती गुरुवार से ही पुलिस को बता रही है कि उसने अपने बच्चों को पलामू जिले के विश्रामपुर में एक रिश्तेदार के यहां भेज दिया है। घटना के समय उसके पति अजय राम भी घर में नहीं थे। लेकिन जिस हालत में पुलिस ने सुजांती के घर की छत से चिंटू चंद्रवंशी का शव बरामद किया है वह सुजांती की बातों से मेल नहीं खा रही है। फिलहाल पुलिस इस घटना की छानबीन में गहराई से जुटी हुई है। ताकि जल्द से जल्द इस हत्याकांड का खुलासा हो सके।
बैंक लूट व हत्या समेत 12 मामले दर्ज थे चिंटू पर : गढ़वा थाना में चिंटू चंद्रवंशी के विरुद्ध वनांचल ग्रामीण बैंक सोनपुरवा शाखा, टंडवा शाखा में घटी लूट तथा सदर थाना क्षेत्र के पिपरा निवासी जट्टू खान की हत्या समेत 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं।