नगर परिषद के बिरसा सामुदायिक भवन में शुक्रवार को स्टेट होल्डर की बैठक आयोजित की गई। नगर परिषद अध्यक्ष पिंकी केसरी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मेसर्स ईईएसएल कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ नगर परिषद के सभी वार्डों में एलईडी लाइट लगाने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर परिषद के सभी 21 वार्डों में 1159 पोल पर एलईडी बल्ब लगाए जाएंगे। इसमें 775 वैसे पोल भी हैं जिनपर पहले से ही सोडियम वेपर लाइट लगी है। बैठक में कहा गया कि जिन पोल पर पहले से 775 सोडियम वेपर लगी है उसे पूरी तरह से बदल कर 90 वाट व 45 वाट की एलईडी लाइट लगाई जाएगी। 21 वार्डों के सभी पोल जो पहले से खाली हैं या नया पोल लगा है, सभी पोल पर 45 वाट की एलईडी लाइट लगाई जाएगी। इसका रख-रखाव सात वर्षों तक मेसर्स ईईएसएल कंपनी के द्वारा किया जाएगा। सात वर्षों के पश्चात नगर परिषद को हस्तांतरित किया जाएगा।
विकास
सात वर्षों तक मेंटेनेंस का कार्य कंपनी करेगी, प्रति वर्ष देना होगा 28 लाख रुपए का बिजली बिल
बैठक करते नगर परिषद के पदाधिकारी।
एक जगह होगा नियंत्रण कक्ष, 80 फीसदी बचेगी बिजली
एलईडी लाइट के लगाए जाने के बाद 80 प्रतिशत बिजली बिल बचाया जा सकता है। सभी एलईडी लाइट का नियंत्रण सीसीएमएस के माध्यम से एक ही स्थल से किया जाएगा। जिससे दिन में जल रही एलईडी लाइट को बंद किया जा सके। साथ ही खराब पड़ी एलईडी लाइट को तुरंत ठीक कर दिया जाएगा। इस कार्य के लिए गढ़वा नगर परिषद को अधिष्ठापन एवं रख-रखाव के लिए 28 लाख रुपए प्रतिवर्ष बिजली बिल देना होगा। पहले फेज में 775 और बाकी दूसरे फेज में एलईडी लाइट लगाई जाएगी। इस तरह से गढ़वा नगर परिषद में एक भी पोल खाली नहीं रह पाएगा। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी, कार्यपालक पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार, विधायक प्रतिनिधि संतोष कुमार केसरी, वार्ड पार्षद गजाला सिद्दीकी, रेनू देवी, दिनेश गोड़, अंजू देवी, घनश्याम प्रसाद, दुर्गा देवी, कमला देवी, स्नेहा देवी, सत्यवती देवी, आलोक रंजन, चंदन देवी, रश्मि सिन्हा, अनीता देवी, मीरा कुमारी, मनोज कुमार महतो, सविता देवी, रिंकू कुमारी, सिटी मैनेजर मुर्तजा अंसारी एवं कार्यालय के सभी कर्मचारी मौजूद थे।