गढ़वा | उपायुक्त डॉ. नेहा अरोड़ा ने समाहरणालय के सभाकक्ष में गुरुवार की देर शाम जिले के सभी बीडीओ व एसबीएम कर्मचारियों के साथ बैठक कर सभी प्रखंडों को खुले में शौच से मुक्त करने के कार्यों की समीक्षा की। उपायुक्त ने जिले के सभी बीडीओ को 31 मई तक अपने-अपने प्रखंडों में शौचालय निर्माण का कार्य पूर्ण कराते हुए ओडीएफ घोषित करने का निर्देश दिया। कहा कि लाभुक निर्माण सामग्री के लिए परेशान नहीं हों, इसका ध्यान रखें। समय पर सबको निर्माण सामग्री उपलब्ध कराएं। शौचालय बनाने में सहयोग करें। कहा कि इस कार्य के लिए संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं खनन पदाधिकारी से बीडीओ मदद लें। ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर शौचालय का निर्माण शत प्रतिशत पूर्ण किया जा सके। उपायुक्त ने सभी बीडीओ को सप्ताह में एक दिन उड़नदस्ता दल के साथ मीटिंग करने का निर्देश दिया।