- Hindi News
- National
- आसपास जलजमाव नहीं होने देने और साफ सफाई से ही डेंगू से बचाव किया जा सकता है
आसपास जलजमाव नहीं होने देने और साफ सफाई से ही डेंगू से बचाव किया जा सकता है
सदर अस्पताल परिसर स्थित सीएस कार्यालय के सभागार में बुधवार को राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नगर पंचायत की अध्यक्ष पिंकी केशरी व कई वार्ड पार्षदों ने भाग लिया। कार्यक्रम में डीएस डाॅ. एनके रजक व जिला मलेरिया सलाहकार अरविंद द्विवेदी ने डेंगू से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल जमाव मच्छरों के पनपने का प्रमुख कारण है। इससे मच्छरों का जीवन चक्र चलते रहता है। अपने आसपास जलजमाव नहीं होने देना व सफाई का पूरा ध्यान रख कर डेंगू से बचाव किया जा सकता है। कार्यक्रम में बच्चों के टीकाकरण में जनप्रतिनिधियों को सहयोग करने की अपील करते हुए डीएस ने कहा कि 26 जून से एमआर वैक्सीन की शुरुआत होगी। लेकिन लोगों में टीकाकरण को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो , इसमें जनप्रतिनिधियों की अहम भूमिका है। लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित कर सहयोग करें। जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डाॅ. जेपी सिंह ने तंबाकू एवं उसके उत्पादों से होने वाली बीमारियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि नगर पंचायत प्रतिनिधि लोगों को तंबाकू उत्पादों के सेवन से बचने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि संतोष केशरी, वार्ड पार्षद गजाला सिद्दिकी, सविता देवी, स्नेहा देवी, अंजू देवी, कमला देवी, दिनेश कुमार, रेणु देवी, मुकेश गुप्ता, रिंकू कुमारी, डीपीसी विनय कुमार, मुरली श्याम सोनी, मुर्तजा अंसारी, राकेश कुमार पांडेय, डब्ल्यूएचओ मॉनिटर सूर्यकांत कुमार सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।