मैनपुर| इन दिनों मैनपुर क्षेत्र के ग्रामीण बिजली की कटौती व लचर व्यवस्था से परेशान हैं थोड़ी सी हवा चलने से घंटों बिजली बंद होना आम बात हो गई है। मैनपुर से लगे ग्राम हरदीभाठा में गुरूवार रात 11 बजे बिजली ट्रांसफार्मर में आग लगने से गांव 21 घंटा अंधेरे में डूबा रहा जहां लोग दिनभर पंखे, कूलर नहीं चलने के कारण गर्मी से परेशान हो गए। तो वहीं नलजल योजना नहीं चल पाने के कारण ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार देर शाम 7 बजे बिजली व्यवस्था बहाल की गई।
स्मार्ट कार्ड में नाम नहीं होने से इलाज के लिए भटक रहा 4 साल का मासूम
मैनपुर| तहसील मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर भुतबेड़ा के आश्रित ग्राम मोतीपानी का एक आदिवासी बालक गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। 4 साल का बालक मन्नूराम पिता रामेश्वर गोड़ को बचपन से ही बीमारी है उसके शरीर में घाव जैसे बड़े -बड़े निशान है। मन्नू का परिवार काफी गरीब है और इलाज के लिए उसे रायपुर तक जा चुके हैं लेकिन इलाज में 1 लाख रुपए खर्च कहने पर गरीब परिवार परेशान है। पिता रामेश्वर गोड़ ने बताया कि उनके पास स्मार्ट कार्ड है और स्मार्ट कार्ड में मन्नूराम का फोटो भी है लेकिन नाम नहीं होने से उन्हें मुफ्त में इलाज का लाभ नहीं मिल पा रहा है कई बार स्मार्ट में नाम जुड़वाने गरियाबंद जिला अस्पताल व अधिकारियो को आवेदन दे चुके है लेकिन अब तक स्मार्ट कार्ड में नाम नहीं जुड़ पाने से बालक का इलाज नहीं हो पा रहा है। उन्होंने संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी, सांसद चंदूलाल साहू, कलेक्टर गरियाबंद से स्मार्ट कार्ड में मन्नूराम का नाम जुड़वाने की मांग की है।