मानिकचौरी में समस्या समाधान का िदया भरोसा, अब नहीं जाएंगे रायपुर
मैनपुर| ग्राम बोईरगांव से करीब 70 ग्रामीण 13 अप्रैल से पैदल पदयात्रा करते मुख्यमंत्री निवास रायपुर रवाना हुए थे। जहां पहुंचकर अपनी समस्याओं से अवगत करा समाधान की मांग करेंगे। 115 किमी पदयात्रा करते हुए ग्रामीण 16 को मानिकचौरी पहुंचे, जहां रात विश्राम के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर समस्या बताने वाले थे, लेकिन पदयात्रियों को जिला प्रशासन के अधिकारियों ने एक दिन पूर्व ही सोमवार को मानिकचौरी में रोक दिया। समस्याओं के समाधान के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने रात 10 बजे पदयात्रा को समाप्त कर दी।
पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे जनपद सदस्य सुकचंद ध्रुव ने बताया कि मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह ने 9 मई 2016 को बोईरगांव में क्षेत्र के ग्राम डुमरघाट में 6 महीने में बिजली लगाने के साथ ही कई विकास कार्यों की घोषणा की थी, लेकिन बिजली अब तक नहीं लग पाने से बोईरगांव के 70 से ज्यादा ग्रामीण 150 किमी पदयात्रा कर रायपुर पहुंच मुख्यमंत्री को समस्या बताने जा रहे थे, लेकिन एक दिन पूर्व ही सोमवार को जिला प्रशासन गरियाबंद के संयुक्त कलेक्टर अमृतलाल ध्रुव, ओपी कोसरिया, एसडीएम पीआर साहू, एसडीओपी पुलिस संजय ध्रुव, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन यंत्री प्रदीप वर्मा सहित कई विभाग के आला अफसरों ने मानिकचौरी में पदयात्रियों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने पदयात्रा को समाप्त कर दी।