- Hindi News
- National
- 6 जून को आएंगे सीएम, तब तक जिलेभर की सभी सड़कें आवागमन लायक करें: अग्रवाल
6 जून को आएंगे सीएम, तब तक जिलेभर की सभी सड़कें आवागमन लायक करें: अग्रवाल
कृषि, पशुपालन, मछलीपालन और जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में विकास यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। अग्रवाल ने कहा कि प्रदेशव्यापी विकास यात्रा के तहत आगामी 6 जून को मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह बासीन से कोपरा, पाण्डुका और मालगांव होते हुए गरियाबंद आयेंगे। इस दौरान विभिन्न विभागों के अंतर्गत जिन विकास कार्यों का उद्घाटन-शिलान्यास और हितग्राहीमूलक सामग्रियों का वितरण किया जाना है। सभी विभाग जनप्रतनिधियों एवं आम जनता की शिकायतों और समस्याओं से संबंधित आवेदनों का आवश्यक रूप से 15 दिनों में निराकरण करें। जिला मुख्यालय में निर्माणाधीन गौरव पथ का निर्माण कार्य जल्द पूर्ण कराएं। इसके अलावा पांचों ब्लॉकों में सड़कों की मरम्मत करायें। 15 दिवस में जिले की सड़कें आवागमन लायक हो जानी चाहिए। बैठक में संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी, राजिम विधायक संतोष उपाध्याय, कलेक्टर श्याम धावड़े, पुलिस अधीक्षक एमआर आहिरे, जिला पंचायत सीईओ विनीत नंदनवार, नपा गरियाबंद की अध्यक्ष मिलेश्वरी साहू सहित सभी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
भाजपा कार्यकर्ताओं से प्रभारी मंत्री- प्रत्येक व्यक्ति को विकास यात्रा से जोड़ें
गरियाबंद| विकास यात्रा की तैयारियों को लेकर जिले के प्रभारी मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने संभागीय प्रभारी खनिज निगम के अध्यक्ष शिवरतन शर्मा, सह प्रभारी संजय श्रीवास्तव की उपस्थिति में जिले व मंडल के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक ली। बैठक में 6 जून को प्रस्तावित मुख्यमंत्री डाॅ रमनसिंह की विकास यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रभारी मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को विशेष मार्गदर्शन दिया। उन्होंने जिले के दाेनों विधानसभा राजिम और बिन्द्रानवागढ़ क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी मंडल अध्यक्षों को जहां बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को विकास यात्रा में शामिल करने का लक्ष्य दिया। वहीं उन्होंने जिले के सभी मोर्चा और प्रकोष्ठों को भी अधिकाधिक लोगों को विकास यात्रा में शामिल करने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान विकास यात्रा के बीच आने वाले गांव कोपरा, पांडुका और मालगांव मे भारी जनसमूह के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत करने की जिम्मेदारी मंडल अध्यक्षों को दी गई। कार्यक्रम मे विकास यात्रा के संभागीय प्रभारी शिवरतन शर्मा ने कहा कि इस यात्रा में जनता के साथ सीधे मुख्यमंत्री संवाद करेंगे और सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच रखेंगे। कार्यक्रम में संजय श्रीवास्तव ने कहा कि सत्ता से दूर कांग्रेस अब तरह तरह से हथकंडे अपना कर जनमानस में अपनी पैठ जमाने का प्रयास कर रही है, हमारे कार्यकर्ता दमदारी से उसका जवाब दें। शुभारंभ मे जिला अध्यक्ष डाॅ रामकुमार साहू ने भी संबोधित किया। जिला संगठन प्रभारी डाॅ अजय राव ने विकास यात्रा को सफल बनाने मे कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रिखीराम यादव ने किया। बैठक में संसदीय सचिव गोवर्धन सिंह मांझी, राजिम विधायक संतोष उपाध्याय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संदीप शर्मा, पूर्व विधायक पुनीत राम साहू, डमरूधर पुजारी, नपा अध्यक्ष मिलेश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पारस ठाकुर, प्रदेश मंत्री राजेश साहू, मुरलीधर सिन्हा, बलदेव सिंह हुंदल, गफ्फु मेमन, अशोक राजपूत, भागीरथी मांझी सहित जिला व मंडल के समस्त पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
गरियाबंद. समीक्षा बैठक लेते हुए प्रभारी मंत्री बृजमोहन अग्रवाल।