समिति के आंदोलन को तमाशबीन बन देखने से गरोठ जिला बनने वाला नहीं है
गरोठ को जिला बनाने के लिए क्षेत्रवासी सड़क पर उतरे। रविवार को नगर के शहीद चौक पुराना बस स्टैंड पर गरोठ को जिला बनाओ अभियान समिति के बैनर तले नुक्कड़ सभा हुई। गणमान्यजनों ने विचार रखे। फिर शांति मार्च निकाला, जो नगर में डेढ़ किमी लंबा रास्ता तय कर शहीद चौक पहुंचा। वहां संकल्प लिया कि आंदोलन गरोठ के जिला बनने तक शांतिपूर्ण तरीके से निरंतर जारी रहेगा।
नुक्कड़ सभा का संचालन कर रहे सुनील मिश्रा ने कहा आंदोलन भाजपा व कांग्रेस के भरोसे प्रारंभ नहीं किया है। यह जनता के हक और स्वाभिमान की लड़ाई का आंदोलन है। जब जनता आंदोलन की राह पर चलती है तो वह कामयाब हाेकर रहती हैं। जिला बनाने की मांग सरकार ने नहीं माना तो आंदोलन को चरणबद्ध रूप से जारी रखेंगे। समिति के जगदीश अग्रवाल ने कहा गरोठ को जिला बनाना है तो क्षेत्र की समस्त जनता को आंदोलन से जुड़ना होगा। समिति के आंदोलन को तमाशबीन बनकर देखने से जिला बनने वाला नहीं है।
गरोठ को जिला बनाने की मांग को लेकर शहीद चौक पर नुक्कड़ सभा के बाद नारेबाजी करते समिति सदस्य व आमजन।
जनता की ताकत और एक जुटता से असंभव काम भी संभव हो जाते हैं- पाटीदार
अपनी ताकत को पहचाने और आंदोलन से जुड़े, जनता की ताकत और एक जुटता से असंभव भी संभव हो जाता हैं। समिति के मनोज पाटीदार ने कहा जिला बनने से क्षेत्र का विकास होगा तथा हमें जिले के कामों हेतु मंदसौर नहीं जाना पड़ेगा। समिति के कुलदीप छाजेड़ ने कहां सरकार गरोठ को जिला बनाने का अपना वादा पुरा नहीं कर रही है, इस कारण जनता में आक्रोश है। जनप्रतिनिधियों व सरकार को समिति एवं जनता की मांग को गंभीरता से लेना चाहिए। नुक्कड़ सभा पश्चात शांतिमार्च निकाला। समिति सदस्य व आमजन हाथों में गरोठ को जिला बनाने संबंधी मांग लिखी तख्तियां लिए और नारे लगाते चल रहे थे। बलराम व्यास, संजय सेठिया, रविंद्र पाटीदार, सुभाष मनोरा, जीतू दीवान, राहुल भाटी, प्रशांत यादव, राकेश पाटीदार, नीतेश पंजाबी, कमल उदिया, राहुल डपकरा सहित आमजन शामिल थे।
बही पार्श्वनाथ में 10 दिगपाल पूजन, लघु सिद्ध चक्र पूजन हुई
तीर्थ में 32 कक्ष, 4 हॉल का लोकार्पण होगा
भास्कर संवाददाता | पिपलियामंडी
बही पार्श्वनाथ में अंजनशलाका भव्य प्रतिष्ठा का कार्यक्रम के तहत रविवार को सुबह मंगल मुहूर्त में दस दिगपाल पूजन, लघु सिद्ध चक्र पूजन, लघुनंदाव्रत पूजन की धार्मिक गतिविधियां हुई। बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। बही पार्श्वनाथ सम्मेद शिखर जल मंदिर के अध्यक्ष प्रकाश गांधी, सचिव महेंद्र चौरड़िया, कोषाध्यक्ष दिलीप रांका ने बताया कार्यक्रम साध्वी सुदर्शना श्रीजी एवं साध्वी चंद्रकला की निश्रा में हो रहे हैं। तीर्थ पर सम्मेदशिखर में 32 कक्ष, 4 हॉल का लोकार्पण होगा।
आगे कब क्या . . . .
16 अप्रैल - सुबह 8.30 बजे से चवन कल्याणक विधान से लेकर स्टेज प्रोग्राम होगा।
17 अप्रैल -सुबह 6 बजे से जन्म कल्याणक महामांगलिक, सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। इसके बाद नवनिर्मित नूतन धर्मशाला का लोकार्पण, प्रतिष्ठा के चढ़ावे होंगे। इंद्राणी महोत्सव व स्टेज प्रोग्राम होगा।
18 अप्रैल -सुबह 8.30 बजे से स्टेज प्रोग्राम, प्रियवंदा दासी से लेकर राज्य अभिषेक तक का कार्यक्रम यात्रा, रथ यात्रा के चढ़ावे दोपहर 11.30 बजे साध्वी चरण कलाश्री के सान्निध्य में सामूहिक वर्षी तप का पारणा, दोपहर 1.30 बजे देव देवी पूजन, शाम 6.30 बजे प्रसाद अभिषेक होगा।
19 अप्रैल -सुबह 6 बजे प्रभुजी का दीक्षा कल्याणक, सुबह 8.30 बजे दीक्षा कल्याणक रथयात्रा, सुबह 10 बजे स्टेज प्रोग्राम दीक्षा कल्याणक एवं विविध चढ़ावे, दोपहर 3 बजे मेहंदी प्रभुजी का निर्वाण कल्याणक, रात 8.30 बजे प्रभु भक्ति भावना, मध्य रात्रि में अंजन विधि केवल ज्ञान कल्याणक प्रथम दर्शन देशना होगी।
20 अप्रैल -सुबह 7 बजे माणक स्तंभ तोरण स्थापना परमात्मा गुरुदेव देवी की प्रतिष्ठा, ध्वज दंड कलश प्रतिष्ठा, सुबह 9 बजे धर्म सभा मांगलिक गुरु पूजन कामली। दोपहर विजय मुहूर्त 12.39 अष्टोतरी शांति स्नात्र महापूजन होगी।
21 अप्रैल -सुबह मंगल मुहूर्त में द्वार उद्घाटन, सुबह 9 बजे 70 भेदी पूजन होगी। रोज परमात्मा की अंगरचना होगी, रात 8 बजे प्रभु भक्ति भावना होगी। विधिकारक विपुल भाई अहमदाबाद, संगीतकार सोमिल शाह अहमदाबाद अंकुर शाह सूरत द्वारा विधि-विधान संपन्न होगा।