गरोठ को जिला बनाने की मांग को लेकर गरोठ जिला बनाओ अभियान समिति के सदस्य पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजयसिंह से मिले। गुरुवार रात को मंदसौर में सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए गरोठ को जिला बनाने की मांग की।
समिति के प्रमुख जगदीश अग्रवाल ने बताया पूर्व मुख्यमंत्री से चर्चा कर उन्हें एक ज्ञापन दिया। इसमें बताया कि अक्टूबर 2003 में मप्र में आपके नेतृत्व में उस समय के तत्कालीन मंत्रिमंडल ने गरोठ को जिला बनाए जाने का निर्णय पारित करते हुए घोषणा की थी। तब आगामी विधानसभा चुनाव की आचार संहिता समाप्त होने के बाद गरोठ को जिला बनाने के लिए विधिवत अधिसूचना जारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। किंतु विधानसभा चुनाव में मप्र में सत्ता परिवर्तन होकर भाजपा सरकार काबिज हो गई है जो वर्तमान में भी सत्ता में है। अपने उस वादे और संकल्प को पूरा करने के लिए वर्तमान मुख्यमंत्री से चर्चा कर गरोठ को जिला बनाने के लिए अपने स्तर पर प्राथमिकता से मदद करें। इस मौके पर समिति सदस्य मनोज पाटीदार, विजय पाटीदार, राजू मगर, पंकज मालवीय उपस्थित थे।