पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बिजली, पानी, सड़क की समस्या को लेकर नप सभापति को घेरा, वार्ड का भ्रमण कराया

बिजली, पानी, सड़क की समस्या को लेकर नप सभापति को घेरा, वार्ड का भ्रमण कराया

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर के आउट एरिया स्थित वार्ड क्रमांक-15 की तीन कॉलोनियों और अन्य क्षेत्र के निवासियों ने शनिवार देररात करीब एक घंटे तक पार्षद को घेरे रखा। उन्होंने पार्षद व लोक निर्माण सभापति आनंद ग्वाला को बुलाया तो वे रात करीब 9 बजे पहुंचे। पार्षद के वार्ड में पहुंचने की जानकारी मिलते ही लोग एकत्र हो गए और उन्हें घेर लिया। रहवासियों ने करीब एक घंटे तक मूलभूत समस्याएं बताने के साथ पूरे वार्ड का भ्रमण करवाया। सभापति ने शीघ्र समस्याएं हल करने का आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर उन्हें छोड़ा। सभापति को जाते-जाते वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का निराकरण शीघ्र नहीं किया गया तो नप अध्यक्ष का घेराव करने मजबूर होना पड़ेगा।

वार्ड 15 जो कि आउट एरिया में स्थित है, उक्त क्षेत्र का नगर परिषद में विलय हुए तीन साल से अधिक समय हो गया है। इतने समय बाद भी वार्ड की दुर्गामाता काॅलोनी, विद्यानगर, बंजारी रोड के निवासी मूलभूत समस्याओं से त्रस्त हैं। कई बार संबंधितों को समस्याएं बताने के बाद भी निराकरण नहीं हो पा रहा है। समस्याओं से ग्रस्त वार्डवासियों ने शनिवार रात करीब 9 बजे वार्ड पार्षद तथा नगर परिषद की लोक निर्माण समिति के सभापति आनंद ग्वाला को वार्ड में बुलाकर और घेर लिया। इस दौरान वार्डवासियों ने उन्हें खरी-खरी सुनाई और कार्य नहीं करवाने का आरोप लगाया। लोगों ने कहा अाप कार्य करवाते नहीं और अध्यक्ष व अधिकारी हमारी सुनते तक नहीं। करीब एक घंटे तक घेराव व समस्या बताने के बाद सभापति ग्वाला ने आश्वस्त किया। मूलभूत कार्य समय पर करने के आश्वासन के बाद उन्हें जाने दिया। इस दौरान वार्डवासी सुरेश फरक्या, सोहनलाल सोनी, हरीश पाटीदार, कुलदीप लोहार, मुकेश व्यास, राकेश भट्ट, वीके शर्मा, राधेश्याम बोराना, सुनील नागर, यशवंतसिंह चंद्रावत, महेंद्र शर्मा मौजूद थे। वार्डवासियों ने बताया कि आउट एरिया का नगर परिषद में विलय होने के बाद परिषद द्वारा निर्धारित सभी टैक्स वार्डवासियों द्वारा नगर परिषद को दिए जा रहे हैं। बावजूद भी वार्ड की तीनों काॅलोनियों में बिजली, सड़क, नाली, पानी जैसी मूलभूत समस्याएं हैं, जिससे वार्डवासी परेशान हैं।

आउट एरिया के वार्ड-15 के रहवासी वार्ड पार्षद व सभापति आनंद ग्वाला को रात में घेरकर समस्याएं बताते।

सफाई तक नहीं होती, स्ट्रीट लाइट भी नहीं

वार्डवासियों ने कहा कि वार्ड में सफाई ना के बराबर होती है जिससे नालियां गंदगी से भरी हैं। स्ट्रीट लाइटें अभी तक नहीं लग पाई हैं, सड़कें नहीं बनने के कारण परेशानी आ रही है। जलसंकट भी व्याप्त है। इन समस्याओं को लेकर कई बार नगर परिषद को अवगत कराया परंतु ना पार्षद को वार्ड की समस्या हल करने में दिलचस्पी है ना परिषद को जिसका खामियाजा वार्डवासी भुगत रहे हैं।

चेतावनी दी कि अब नप अध्यक्ष का घेराव करेंगे

उपस्थित वार्डवासियों ने नगर परिषद सभापति को करीब 1 घंटे तक वार्ड की तीनों काॅलोनियों का भ्रमण कराकर समस्याएं बताईं। इसके पश्चात सभापति ने शीघ्र समस्याएं हल करने का आश्वासन दिया। वार्डवासियों का कहना है कि इसके बाद भी यदि शीघ्र ही समस्याएं हल नहीं हुईं तो उन्हें नगर परिषद अध्यक्ष का घेराव सहित अन्य आंदोलनात्मक कदम उठाने पड़ेंगे।

शीघ्र हल होंगी समस्याएं

नगर के आउट एरिया की सभी काॅलोनियों की मूलभूत समस्याओं को लेकर कई बार नगर परिषद को अवगत करा चुका हूं। शीघ्र ही वार्डवासियों द्वारा बताई समस्याओं के निराकरण की दिशा में ठोस प्रयास करूंगा। आनंद ग्वाला, पार्षद व सभापति लोक निर्माण, नगर परिषद गरोठ

खबरें और भी हैं...