सकल ब्राह्मण समाज द्वारा कल वाहन रैली और 18 काे शोभायात्रा
भगवान परशुराम के प्राकट्य उत्सव अक्षय तृतीया पर सकल ब्राह्मण समाज गरोठ मनाएगा। आयोजन में शामिल होने के लिए युवा ब्राह्मण परिवारों के घर-घर जाकर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निमंत्रण दे रहे हैं। आयोजन के तहत 17 अप्रैल को वाहन रैली और 18 अप्रैल को शोभायात्रा निकाली जाएगी।
सकल ब्राह्मण समाज की आद्यगौड़ ब्राह्मण पंचायत भवन में आयोजित बैठक में भगवान श्रीपरशुराम जन्मोत्सव आयोजन को लेकर बैठक हुई। अब तक हुई तैयारियों की समीक्षा के साथ अन्य निर्णय लिए।
समीक्षा बैठक के तय हुआ कि आद्यगौड़ ब्राह्मण पंचायत भवन से 17 अप्रैल शाम 4 बजे वाहन रैली प्रारंभ होगी, जो विभिन्न मार्गो से होती हुई पुनः ब्राह्मण पंचायत भवन पहुंचेगी। 18 अप्रैल को दोपहर 2 बजे भगवान परशुराम का पूजन कर सकल ब्राह्मण समाज महिला मंडल द्वारा भजन व अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पश्चात दोपहर 3 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें भगवान श्री परशुरामजी की झांकी के साथ समाजजन शामिल होंगे। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः आध्यगौड़ ब्राह्मण पंचायत भवन पहुंचेगी। जहां महाआरती कर प्रसाद वितरण होगा। शोभायात्रा में पुरुष सफेद कुर्ता- पजामा और महिलाएं लाल चुनरी की साड़ी पहनकर शामिल रहेंगी।
सकल ब्राह्मण समाज गरोठ के युवा ब्राह्मण परिवार के घर आमंत्रण देते हुए।