एसडीएम ने सौंपी सूची, निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ धरना खत्म
एसडीएम धरनास्थल पर शिकायतकर्ता गोस्वामी व पाटनिया को चाही गई जानकारी का पुलिंदा सौंपते हुए।
भास्कर संवाददाता | गरोठ
नगर व क्षेत्र में चल रहे निजी स्कूल संचालकों द्वारा मनमानी फीस, यूनिफॉर्म, किताबों काे लेकर की जा रही मनमानी और शिक्षा का व्यवसायीकरण करने के विरोध में 6 अप्रैल एसडीएम कार्यालय परिसर में धरना दिया जा रहा था। शुक्रवार को शाम 4.30 बजे धरनास्थल पर पहुंचकर एसडीएम आरपी वर्मा ने शिक्षा विभाग से प्राप्त वांछित जानकारी का पुलिंदा धरने पर बैठे शिकायतकर्ता अटल गोस्वामी और नीलेश पाटनिया को सौंपा।
निजी स्कूलों की मनमानी को खत्म करने आैर कार्रवाई को लेकर शिकायतकर्ता अटल गोस्वामी और नीलेश पाटनिया ने पिछले महीने कलेक्टर व एसडीएम के साथ शिक्षा विभाग को लिखित शिकायत की थी। जब कुछ भी कार्रवाई नहीं हुई तो 48 घंटे का अल्टीमेटम देने के बाद 6 अप्रैल से एसडीएम कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए। एसडीएम वर्मा ने बुधवार को बीआरसी व को लिखित में आदेश जारी करते हुए शुक्रवार सुबह 11 बजे तक वांछित जानकारी देने के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को निर्धारित समय से दो घंटे बाद बीईओ भगवानसिंह चौहान और बीआरसी प्रवीण व्यास जानकारी लेकर पहुंचे। मीटिंग में व्यस्त होने के कारण एसडीएम वर्मा शाम करीब 4.30 बजे धरना स्थल पर पहुंचे और शिकायतकर्ताओं को चाही गई जानकारी के दस्तावेज सौंपे। एसडीएम वर्मा ने कहा आप इसे पढ़ लें, यदि कोई कमी हो तो बताएं। उसे दूर करने के साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद धरना आंदोलन खत्म हुआ।