नक्सलियों ने तालाब निर्माण में लगी जेसीबी और तीन ट्रैक्टर को फूंका
नक्सली संगठन भाकपा माओवादी ने बुधवार की शाम गारू थाना क्षेत्र के महुआडाबर गांव में एक जेसीबी सहित तीन ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया। सभी वाहन भूमि संरक्षण विभाग द्वारा कराए जा रहे तालाब जीर्णोद्धार के काम में लगे थे। इस दौरान माओवादियों ने ट्रैक्टर मालिक भुनेश्वर प्रसाद गुप्ता की जमकर पिटाई कर दी। उन्होंने इस आशय की प्राथमिकी गारू थाना में दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में महुआडाबर गांव के मिथिलेश सिंह उर्फ मुनमुन व राजन सिंह के अलावे चार अज्ञात माओवादियों को अभियुक्त बनाया गया है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के महुआडाबर गांव में भूमि संरक्षण विभाग से तालाब जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा था। शाम पांच बजे के बाद दो बाइक पर सवार होकर छह लोग कार्यस्थल पर आए। बाइक से आए छह लोगों ने हथियार लहराकर खुद को माओवादी बताते हुए कहा कि किसके आदेश से कार्य चल रहा है.? इतने कहने के बाद ही कार्यस्थल पर मौजूद ट्रैक्टर मालिक भुनेश्वर प्रसाद गुप्ता की पिटाई कर दी। साथ ही वाहनों से डीजल निकालकर आग लगा दी।इसके बाद तेल छिड़ककर आग लगा दिया।जलाई गयी जेसीबी गढ़वा जिला के धुरकी निवासी अनिल कुमार की बताई जा रही है। प्रभारी थानेदार नित्यानन्द प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि माओवादियों के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया जा रहा है।