गावां में बीस सूत्री समिति की बैठक में मुद्दों पर चर्चा
बैठक में शामिल बीडीओ व समिति के सदस्य।
भास्कर न्यूज | गावां
गावां प्रखंड परिसर में स्थित सभागार में प्रखंड बीस सूत्री समिति की बैठक हुई। प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष देवनंदन सिन्हा व बीडीओ मोनी कुमारी की उपस्थिति में सदस्यों ने प्रखंड में लचर बिजली आपूर्ति, शिक्षा की बदहाल व्यवस्था, प्रखंड में पानी की समस्या सहित कई मुद्दों पर चर्चा की और उपस्थित उस विभाग के अधिकारियों से इसके समाधान पर सवाल-जवाब किया। कई महीने बाद आयोजित बैठक में सदस्यों ने शिकायत किया कि प्रखंड में बिजली की आपूर्ति अत्यंत बदहाल है जबकि गावां के उपभोक्ताओं से विभाग शहरी बिजली दर वसूल रहा है। कई सदस्यों ने कहा कि कई उपभोक्ता द्वारा बिजली बिल जमा करने के बावजूद पूर्व का बिल भी जोड़ कर भेजा जा रहा है। इस संबंध में विभागीय कर्मी बबलू सिंह ने कहा कि उपभोक्ता विभाग को आवेदन दें। उनकी समस्या का निश्चित समाधान होगा। समिति के सदस्यों ने शिकायत किया कि प्रखंड के कई स्कूल कार्य दिवस में भी बंद रहते हैं। बीडीओ मोनी कुमारी ने भी माना कि प्रखंड के कई स्कूलों के संचालन में अनियमितता बरती जा रही है। कहा कि ऐसे शिक्षक व सचिव जो कार्य दिवस में विद्यालय बंद रखते हैं उनके खिलाफ डीसी को लिखा जाएगा। उपस्थित बीपीओ ने स्कूलों के संचालन में सुधार लाने के लिए कारगर कदम उठाने का आश्वासन दिया। बैठक में गर्मी को देखते हुए प्रखंड में खराब पड़े चापाकलों को अविलंब दुरुस्त करने की मांग की।