रुकी, डूको, चुन्दरी व अारंगी में आज से सामाजिक अंकेक्षण
घाघरा प्रखंड मुख्यालय में पंचायत सेवक एवं रोजगार सेवकों की बैठक मंगलवार को बीडीओ विजय कुमार सोनी की अध्यक्षता में हुई। इस मौके पर घाघरा प्रखंड के रुकी, डूको, चुन्दरी व आरंगी पंचायत में सामाजिक अंकेक्षण एवं पंचायत स्तरीय जनसुनवाई के लिए पंचायत सचिव को वित्तीय वर्ष 2017-18 की मनरेगा योजनाओं की छायाप्रति उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। सामाजिक अंकेक्षण डीआरपी डॉक्टर संजय कुमार ने पंचायत सेवकों, रोजगार सेवकों को बताया कि प्रखंड की चार पंचायत रुकी, डूको चुन्दरी और अारंगी में 18 से 23 अप्रैल तक सामाजिक अंकेक्षण का कार्य किया जाएगा। 24 अप्रैल को पंचायत स्तरीय जनसुनवाई का कार्यक्रम आयोजन होगा। इस दौरान सामाजिक अंकेक्षण दल के सदस्यों द्वारा पंचायत में रहकर गृह भ्रमण, योजनाओं का भौतिक सत्यापन, लाभुक से बातचीत, ग्रामसभा कर योजनाओं के लाभ की जानकारी समेत कई तथ्यों पर विमर्श किया जाएगा। जिससे ग्रामीणों को मनरेगा योजना के तहत 2017-18 की योजनाओं के कार्य प्रगति की अद्यतन जानकारी मिल सके। सामाजिक अंकेक्षण के दौरान सामाजिक अंकेक्षण दल द्वारा मनरेगा योजना का प्रचार प्रसार भी व्यापक तौर पर किया जाएगा। इस मौके पर सामाजिक अंकेक्षण के डीआरपी डॉक्टर संजय कुमार, नंदन विश्वकर्मा, सामाजिक अंकेक्षण सदस्य कंचन, गुड़िया, ललिता एवं समीर बीपीओ कांति कुमारी पंचायत सेवक सोमरा पहान, मारवाड़ी महतो, खुदीराम उरांव व कुंवर राम मोची समेत अन्य लोग उपस्थित थे।