प्रशिक्षण से आती है काम में निपुणता
स्वरूप सरस्वती शिशु विद्या मंदिर नवडीहा में सोमवार को सात दिवसीय आवासीय नवीन आचार्य प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ अखिल भारतीय सह शिक्षा प्रमुख ब्रजमोहन मंडल ने विद्यालय के सभागार में माता सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। अखिल भारतीय सह शिक्षा प्रमुख ब्रजमोहन मंडल ने कहा कि प्रशिक्षण कार्य से शिक्षण कार्य में निपुणता आती है। अध्ययन व अध्यापन को बढ़ावा मिलता है। आचार्य प्रशिक्षण का लाभ लेकर अपने अनुभव और दक्षता को बढ़ाएं जिससे हरि बनवासी विकास समिति द्वारा संचालित शिशु विद्या मंदिर में संस्कारयुक्त शिक्षा गुणात्मक शिक्षा को बढ़ावा मिले। इस मौके पर जमशेदपुर, तपकरा, चाईबासा, घाटशिला, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा के विभिन्न विद्यालयों से आए 60 नवीन आचार्य को प्रशिक्षक जगमोहन बड़ाईक, ब्रजमोहन द्वारा विद्यालय नियमावली व शिक्षण पद्धति के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर स्वरूप सरस्वती शिशु विद्या मंदिर नवडीहा के आचार्य जयप्रकाश सिंह, फाल्गुनी सिंह, जलेश्वर भगत, सहदेव सिंह, सुरेश्वर कुजूर, अर्चना रानी नेहा कुमारी, राज लक्ष्मी कुजूर, विभा देवी, वसुंधरा कुमारी सहित विद्यालय समिति के अन्य लोग मौजूद थे।
प्रशिक्षण में शामिल नवीन आचार्य।