पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • तेज धूप में पुलिस के जवान चक्कर खाकर गिरते देख सीएम ने कहा अभी भाषण खत्म करता हूं

तेज धूप में पुलिस के जवान चक्कर खाकर गिरते देख सीएम ने कहा-अभी भाषण खत्म करता हूं

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
41 डिग्री तापमान में हरियाणा पुलिस के कई जवान 3 घंटे की परेड के दौरान चक्कर आने पर गिरने लगे। सीएम मनोहरलाल ने इस स्थिति को देखा और अपना भाषण शुरू करते ही कहा कि तेज धूप है और काफी देर से खड़े हो, यह भी पुलिस ट्रेनिंग का हिस्सा है। आपकी परेशानी को समझते हुए मैं अपना भाषण छाेटा रखूंगा।

ये बातें सीएम ने मधुबन में दीक्षांत समारोह के दौरान कही। उन्होंने कहा कि 4225 रंगरूट जवानों को एक सप्ताह में रिक्त पदों के अनुसार जिले अलॉट कर दिए जाएंगे। पासिंग परेड में 4223 जवान हाजिर रहे। गर्मी को देखकर और जवानों की 38 टुकड़ियों की तरफ से शानदार प्रस्तुति पर सीएम ने कार्यक्रम के अंत में 4 दिन की छुट्‌टी की घोषणा करके जवानों के चेहरे पर खुशी ला दी। मधुबन में कार्यक्रम का निर्धारित टाइम 5 बजे रखा गया था। साढ़े पांच बजे सीएम पहुंचे और सवा छह बजे सीएम ने अपना भाषण शुरू किया। इससे पहले डीजीपी बीएस संधु ने भी भाषण दिया। इस कार्यक्रम के लिए दोपहर के तीन बजे से जवानों को धूप में खड़ा किया गया था। इस कारण से 6 से 7 जवान चक्कर आने पर स्टेडियम में गिर गए। सुरक्षा में लगे जवान उन्हें उठाकर ले जाते रहे। दो जवानों ने चक्कर आने की स्थिति में सुरक्षा कर्मियों को बुलाया और उनको बाहर लेकर गए। डीजीपी बीएस संधू ने बताया कि वर्ष 1990 की परेड में तीन हजार जवान थे। इससे भी ज्यादा 29 वर्ष बाद आज 4225 जवानों की परेड सबसे बड़ी है।

विकास कार्यों के पैसों में टांका लगाने वालों को नहीं बख्शेंगे

मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने मूनक गांव में 24 घंटे बिजली देने, पुलिस स्टेशन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अनाज मंडी में सब यार्ड बनाने, स्कूल में स्टाफ पूरा करने, तीन गुरुद्वारे के लंगर हाल के लिए 15 लाख रुपए, ओड़ जाति की चौपाल के लिए 5 लाख रुपए, स्टौंडी से गांव पिचौलिया तक सड़क बनाने, कुताना गांव में कश्यप चौपाल के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने गांव कुताना, बल्ला, पधाना, मोर माजरा में व्यायामशाला बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि जो काम बताएंगे, हम उसको पूरा करेंगे, जो पैसा सरकार द्वारा विकास कार्यों के लिए भेजा जाता है, वह सही ढंग से लगे, उसका ध्यान रखना। यदि इस पैसे में कोई टांका लगाता है तो उसे हमारे हवाले करो, ऐसे भ्रष्ट व्यक्ति को हम कार्रवाई करेंगे। इस अवसर पर मंत्री किरण बेदी, असंध विधायक बख्शीश सिंह विर्क, घरौंडा विधायक हरविंद्र कल्याण, नीलोखेड़ी विधायक कबीरपंथी, ओएसडी वीरेंद्र सिंह, डीसी डॉ. आदित्य दहिया, एसपी सुरेंद्र भौरिया, एसडीएम मो. इमरान रजा, जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, महिपाल राणा, साहब सिंह बरसत मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री तलवार लहराते हुए।

खबरें और भी हैं...