करनाल| मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के 46 खंडों को आदर्श बनाने की योजना को लेकर, अतिरिक्त मुख्य सचिव (आबकारी एवं कराधान) संजीव कौशल ने शुक्रवार को स्थानीय कर्ण लेक पर अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की। इसमें एडीसी निशांत यादव और घरौंडा के एसडीएम मोहम्मद इमरान रजा उपस्थित रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्कीमों के लक्ष्य आगामी 31 मई तक पूरे किए जाएं। एडीसी ने बताया कि डीआरआई (डिफरेंशियल रेट ऑफ इंट्रेस्ट) स्कीम में निर्धन व जरूरतमंद लोगों को 4 प्रतिशत साधारण ब्याज पर, अधिकतम 15 से 20 हजार रुपए का ऋण मुहैया करवाया जाता है। घरौंडा खंड में स्थित सभी बैंक शाखाएं आगामी 31 मई तक एक-एक ऋण केस करेंगी। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने घरौंडा खंड में सूक्ष्म सिंचाई योजना के तहत बागवानी व सब्जियां पैदा करने वाले किसानों की संख्या में इजाफा करने के निर्देश दिए।