पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सफाईकर्मियों ने रोका सफाई अभियान, वाहनों की निकाली हवा

सफाईकर्मियों ने रोका सफाई अभियान, वाहनों की निकाली हवा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगरपालिका सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर उग्र रूप अख्तियार कर लिया है। कर्मचारियों ने 13वें दिन शहर में चल रहे सफाई अभियान रोक दिया और वाहनों की हवा निकाल दी। जिससे नगरपालिका प्रशासन की सांसें फूल गई। नपा अधिकारियों ने पुलिस बल बुलवाना पड़ा। बाद में नपा चेयरमैन सुभाष गुप्ता व सचिव देवेंद्र नरवाल ने पुलिस के बीच नगरपालिका कार्यालय में आंदोलनकारियों से साथ एक बैठक की। शहर की समस्या को देखते हुए प्रदर्शनकारियों ने नपा प्रशासन की बात मान ली।

बता दें कि नगरपालिका सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर रहे है। अपनी मांगों को लेकर कर्मचारी 13 दिन से नगरपालिका गेट के सामने प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को कर्मचारियों का गुस्सा फूट गया और नगरपालिका कर्मचारी संघ के प्रधान काला राम ने सफाई अभियान को रोकने का ऐलान कर दिया और सफाई कर्मचारियों को काम करने से मना कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने वाहनों की हवा निकाल दी। जिससे नपा चेयरमैन सुभाष गुप्ता ने सभी सफाई कर रहे कर्मचारियों को वापस नगरपालिका में बुला लिया और बातचीत करके रास्ता निकालने का प्रयास किया। बाद में प्रदर्शनकारियों,नपा चेयरमैन सुभाष गुप्ता,नपा सचिव देवेंद्र नरवाल,थाना प्रभारी मनोज कुमार व पार्षदों की एक बैठक नगरपालिका में बुलाई गई। बैठक लगभग एक घंटे तक चली।

कर्मचारी नेता काला राम ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर 13 दिन से धरने पर बैठे हुए है,लेकिन सरकार उनकी मांगों की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। काला राम ने कहा कि शहरवासियों व प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति पैदा न हो,इसलिए उन्होंने नपा प्रशासन की बात मान ली है। वहीं नपा चेयरमैन सुभाष गुप्ता ने बताया कि हड़ताल के चलते उन्होंने शहर में सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने के लिए नगरपालिका कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों से बातचीत करके सफाई अभियान चलाया था। सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने सफाई व्यवस्था को रोक दिया था,लेकिन बातचीत के माध्यम से रास्ता निकाल लिया है। नगरपालिका कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने शहर की समस्या को देखते हुए उन्होंने अपना फैसला वापिस ले लिया है। नपा चेयरमैन सुभाष गुप्ता ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों की जायज मांगों को मांग लेना चाहिए। नगरपालिका सचिव देवेंद्र नरवाल ने बताया कि सोमवार को सुबह शहर में सफाई अभियान चल रहा था। प्रदर्शनकारियों में अपनी मांगों को लेकर नाराजगी थी। इसलिए उन्होंने काम रोक दिया था तथा वाहनों की हवा निकाल दी थी। प्रदर्शनकारियों के साथ बैठक कर उनसे बातचीत की गई। जिससे प्रदर्शनकारियों ने नपा प्रशासन की बात राजी हो गए। शहर में दोबारा सफाई अभियान शुरू कर दिया है।

घरौंडा . सफाई का कामकाज बंद होने पर नपा कर्मचारी संघ के साथ बैठक करते नपा प्रशासन।

बीमारियां फैलने का खतरा, सरकार नहीं कर रही है समाधान : जयपाल

इंद्री . अपनी मांग को लेकर धरने पर बैठे नगरपालिका कर्मचारी नारेबाजी करते हुए।

इंद्री| अग्निशमन कर्मचारी संघ एवं नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को 13वें दिन में पहुंच गई है। नगरपालिका गेट के बाहर चल रही हड़ताल की अध्यक्षता प्रधान जयपाल व अर्जुन सिंह की अध्यक्षता में जारी रही। इस मौके पर सरकार द्वारा अपनाए जा रहे तानाशाही रवैये व अपनी मांगों को मनवाने को लेकर चर्चा की गई। इस अवसर पर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई।

इस मौके पर ब्लाक प्रधान जयपाल व अर्जुन सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार नगर निगम के 30 हजार कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से पूरे प्रदेश के शहरों में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। बीमारियां फैलने का खतरा बन रहा है उन्होंने कहा कि यूनियन हरियाणा सरकार को आगाह करती है कि दमन का रास्ता छोड़कर बातचीत के माध्यम से समस्याओं का निदान करें ताकि हड़ताल समाप्त हो सके व शहरों में सफाई का काम सुचारू रूप से हो सकें। सरकार ठेकेदारी प्रथा को तुरंत समाप्त कर नगरपालिकाओं, नगर निगमों व अग्निशमन के कर्मचारियों को सीधे निगम के पे रोल पर लें, अग्निशमन के कर्मचारियों को नई भर्ती के नाम पर स्थाई करे, सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करें, ईपीएफ व ईएसआई का काटा गया पैसा कर्मचारियों के खाते में भेजा जाएं, सभी सिवर मैन, सफाई कर्मचारी व अग्निशमन के कर्मचारियों को जोखिम भत्ता 5000 रुपए किया जाएं। उन्होंने कहा कि 22 मई को सभी नगर निगमों, पालिकाओं व अग्निशमन कर्मचारी करनाल में जिला स्तर पर होने वाले प्रदर्शन में भाग लेंगे। इस मौके पर रणबीर सिंह, रजनीश कुमार, रमेश चंद्र, प्रवीण कुमार, कुलदीप सिंह, कुलदीप कुमार, महेन्द्र सिंह, अनिल कुमार, सुरजीत सिंह, बुधराम, सतपाल, वेदप्रकाश, प्रेम चंद, रोशनलाल, राजेन्द्र, जयपाल, श्याम लाल व चेत कुमार आदि ने संबोधित किया।

आईटीआई चौक से मंगलपुर तक चलाया सफाई अभियान

करनाल | सिटीजन ग्रीवेंसेज कमेटी की सड़क सुरक्षा एवं नगर स्वच्छता उपसमिति एवं नगर निगम के साथ संयुक्त रूप से सफाई अभियान चलाया गया। सफाई अभियान आईटीआई चौक से मंगलपुर तक सफाई की गई। नगर निगम सफाई कर्मचारियों की चल रही हड़ताल से शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर फैले हुए हैं। शहर की कई अन्य संस्थाएं भी इस कार्य में सहयोग कर रही हैं। उप समिति के प्रधान केएल विरमानी ने बताया कि संस्था के सदस्यों द्वारा इससे पूर्व भी प्रशासन का सहयोग करते हुए कमेटी चौक, बस स्टैंड, कुंजपुरा रोड, पटेल मार्केट, लहसुन मार्केट, नेहरू प्लेस, रामनगर, माॅडल टाउन आदि एरिया में भी सफाई अभियान चलाया जा चुका है। निगम कमिश्नर राजीव मेहता व सीजीसी के पूर्व अध्यक्ष संदीप लाठर ने शहर के स्वच्छता पसंद लोगों व संस्थाओं को आह्वान करते हुए कहा कि वह सभी इस कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करें व अपने शहर को स्वच्छ बनाए, ताकि आने वाले बरसाती मौसम में गंदगी की वजह से बीमारी न फैले। इस अवसर पर प्रमोद गुप्ता, एपीएस चोपड़ा, आरके द्विवेदी, बाबा महादेव गिरि, प्रो. एसके शर्मा, सचिव सोमदत्त सैनी, संजय बत्तरा, विपिन शर्मा, केपी सिंह, कृष्ण लाल तनेजा, केके पुरी, सुरेश बहती, रजनीश चोपड़ा ने मुख्य रूप से सहयोग किया।

नपा कर्मियों का समर्थन करेगा वाल्मीकि समाज : रावण

करनाल | अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे नगरपालिका कर्मचारियों को वाल्मीकि समाज के धर्मगुरु शुक्राचार्य दशरथ र| रावण व सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रेस प्रवक्ता इंद्र सिंह बधाना ने हड़ताल का समर्थन किया। धरनास्थल की अध्यक्षता करतेे हुए जिला प्रधान वीरभान बिड़लान ने कहा कि लगातार 13 दिनों से नगरपालिका कर्मचारी संघ के कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, परंतु हरियाणा सरकार का कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान देने की बजाय जनता व कर्मचारियों को आपस में लड़ाना चाहती है। कर्मचारियों पर सरकार के ढहते दमन का विरोध करने के लिए वाल्मीकि समाज के धर्मगुरु शुक्राचार्य दशरथ र| रावण नगरपालिका कर्मचारियों के बीच पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का चेहरा दलित विरोधी साबित हुआ है। सरकार दलित वर्ग के कर्मचारियों को बात सुनने की बजाय पूंजीपतियों की तिजोरियां भरने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम के कर्मचारियों के समर्थन में रोडवेज कर्मचारी 22 मई को दो घंटे का प्रदर्शन पूरे प्रदेश में करेंगे। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंहमार ने बताया कि नगरपालिका कर्मचारियों के समर्थन में पूरे प्रदेश के कर्मचारी 22 मई को प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर अशोक, राजपाल, राकेश कुमार, आजाद सिंह, सियानंद परोचा, एस त्यागी, भीम सिंह नरवाल, बीर सिंह लाठर उपस्थित रहे।

हड़ताली कर्मचारियों ने की कांट्रेक्ट कर्मचारी की पिटाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती

करनाल| शहर में नगर निगम के सफाई कार्य को रोकने के लिए हड़ताली सफाई कर्मचारियों ने सफाई कार्य में लगे कांट्रेक्ट कर्मचारियों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी है। सोमवार को दोपहर पूर्व रामलीला ग्राउंड में मनीष नाम के सुपरवाइजर की हड़ताली कर्मचारियों ने पिटाई कर दी। इसके साथ सफाई कार्य में प्रयोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की हवा निकाल दी और तोड़फोड़ की गई। घायल सफाई कर्मचारी को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मेडिकल कॉलेज में पहुंचे नगर निगम के कांट्रेक्ट सफाई कर्मचारी रिंकू व मोहित आदि ने आरोप लगाया कि 60-70 हड़ताली कर्मचारी रामलीला ग्राउंड में पहुंचे और मनीष की पिटाई कर दी। इसके साथ ही उन्हें भी धमकी दी है कि अगर उन्होंने सफाई कार्य किया तो उनकी टांगे काट दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि वे लोग काम करना चाहते हैं और काम कर रहे हैं, लेकिन वे लोग उन्हें जबरदस्ती काम करने से रोक रहे हैं। उधर, नगर निगम के अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए काम में लगे सफाई कर्मचारियों की पुलिस सुरक्षा बढ़ाने का निर्णय लिया है।

पुलिस को शिकायत दी है

कांट्रेक्ट के तहत कार्य करने वाले मनीष नाम के सफाई कर्मचारी को पीटने की शिकायत मिली है, जिसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मामले की पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है।\\\'-धीरज कुमार, ईओ नगर निगम करनाल।

सिर्फ काम से हटाने गए थे, मारपीट नहीं की गई

हड़ताली कर्मचारी उन्हें काम करने से हटाने गए थे। किसी के साथ मारपीट नहीं की है। मारपीट के आरोप निराधार हैं। यह उनका हड़ताल से ध्यान भटकाने का प्रयास है।\\\' -वीरभान, प्रधान, नपा कर्मचारी संघ।

खबरें और भी हैं...