आंधी के साथ बरसात, दो दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
भास्कर संवाददाता|श्रीगंगानगर
रंग बदलते मौसम की रंगत रविवार को फिर बदली नजर आई। श्रीगंगानगर क्षेत्र में दिनभर तेज धूप रही। वहीं, रावला, घड़साना व पदमपुर क्षेत्र में आंधी के साथ कहीं हल्की तो कहीं तेज बरसात हुई। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले दो दिनों में आंधी रूपी तेज हवाएं चलने व बरसात होने की संभावना व्यक्त की है। रविवार को अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री रहा जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते श्रीगंगानगर क्षेत्र में सिस्टम बना हुआ है। बादलवाही रहने के साथ ही तेज हवाओं के साथ कहीं हल्की तो कहीं तेज बरसात होगी। रविवार को श्रीगंगानगर क्षेत्र में दिनभर तेज धूप का प्रभाव रहा। इस कारण अधिकतम तापमान गत दिवस से 1.8 डिग्री बढ़कर 41.2 डिग्री आ गया। जिले के घड़साना, रावला, पदमपुर व सादुलशहर क्षेत्र में तेज हवाएं चलने के साथ ही कई स्थानों पर हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के समय हवा में नमी 41 व शाम को 21 प्रतिशत दर्ज की गई।