मैं आपके संवैधानिक अधिकार की रक्षा करने वाला चौकीदार हूं : जयंत
भाजपा ने टाटा स्टील प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर शनिवार को वेस्ट बोकारो में शाम को स्थानीय 12 नं. चौक पर आम सभा की । सभा की अध्यक्षता पार्टी के घाटो मंडल अध्यक्ष रंधीर सिंह ने की। सभा से पूर्व हजारीबाग के सांसद सह केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने डायमंड स्पोर्टिंग क्लब सहित विभिन्न स्थानीय मुद्दे को लेकर टाटा स्टील प्रबंधन के साथ वार्ता की।
वार्ता के बाद 12 नं. चौक पर आयोजित सभा में भारत र| डॉ. बीआर आंबेडकर को श्रद्धांजलि देते हुए केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने कहा कि डॉ. आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान से देश विकसित हो रहा है। इस संविधान ने हमें जो सामाजिक न्याय के अधिकार दिए हैं उसे कोई छीन नहीं सकता है। केंद्र में हमारी सामाजिक न्याय की सरकार है। मैं यहां आपके संवैधानिक अधिकार की रक्षा करने वाला चौकीदार हूं। सामाजिक न्याय के तहत आपको मिले बुनियादी सुविधाओं के अधिकार सरकार दिलाने का काम कर रही है। हमने वायदे के मुताबिक माइंस बोर्ड से स्वीकृति प्रदान करा कर घाटो चरही व रामगढ़ की बेहतर सड़क बनवायी । अन्य कई विकास की योजनाएं चलाई जा रही हैं। सिन्हा ने टाटा स्टील प्रबंधन के साथ हुई वार्ता की जानकारी देते हुए कहा कि डायमंड स्पोर्टिंग क्लब के लिए प्रबंधन नए सिरे से जन भागीदारी को ध्यान में रखते हुए भव्य क्लब भवन बनाकर देगी। वहीं भेलगढ़ा में कंपनी ने शुद्ध पानी का एटीएम लगाने की बात कही है।