बडीपडाल में आम के हरे पेड़ों की कटाई पर कार्रवाई
घाटोल. मौके पर कार्रवाई करते पटवारी कमल गर्ग।
घाटोल| क्षेत्र में हो रही आम के हरे पेड़ों की तस्करी पर उपखंड अधिकारी ने बुधवार को कार्रवाई की। बडीपडाल ग्राम पंचायत क्षेत्र के टांडा गांव में पिछले कई दिनों से काफी संख्या में हरे आम के पेड़ों की कटाई की सूचना पर एसडीएम राजीव द्विवेदी ने नायब तहसीलदार नारायणगिरी के नेतृत्व में टीम को मौके पर भेजकर कार्रवाई की। मौके पर नायब तहसीलदार व टीम को आता देख तस्कर वहीं कटर मशीन को छोड़कर भाग निकले। टीम ने दो कटर मशीन व गीली आम की लकड़ी व आधा कटा विशाल आम का पेड़ को जब्त कर क्रेन की सहायता से घाटोल तहसील कार्यालय में रखवाया। टीम ने कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया तो 500 मीटर की दूरी में आम के कई पेड़ कटे हुए पाए गए। कार्रवाई के दौरान पटवारी कमल गर्ग, वन विभाग की टीम भी साथ थी।