बाइक सवार को पीछे से ट्रोले ने टक्कर मारी
घाटोल| बेटी की शादी के पहले किसी पिता की मौत हो जाए, तो उसके परिवार वालों पर क्या बीतेगी, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है। ऐसा ही एक हादसा घाटोल उपखंड के वाड़गुन में हुआ है। यहां 19 अप्रैल को जिस बेटी की शादी थी, उसी के पिता की सोमवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार घाटोल प्रतापगढ़ मार्ग पर पीपलखूंट से चार किमी दूर सोमवार रात एक बाइक सवार को पीछे से आ रहे ट्रेाले ने टक्कर मार दी, जिससे वाड़गुन निवासी कन्हैयालाल 45 पुत्र कमलाशंकर चरपोटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कन्हैयालाल को उसके साथ दूसरी बाइक पर सवार मनोज चरपोटा पीपलखूंट अस्पताल ले गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बांसवाड़ा एमजी अस्पताल और बाद में उदयपुर रैफर करने पर रास्ते में दम तोड़ दिया। कन्हैयालाल साले की बेटी की शादी समारोह में भाग लेने के लिए लांबाडाबरा जा रहा था। वहीं दो दिन बाद 19 अप्रैल को उसकी भी बेटी ममता की शादी थी। इसकी बारात डूंगरपुर से आने वाली थी। लेकिन इससे पहले ही इस हादसे ने घर में शादी की खुशियां मातम में बदल दी। बेटी की डोली उठने से पहले मंगलवार को पिता की अर्थी उठने का मंजर देख हर कोई भावुक हो गया। परिजनों ने बताया कि कन्हैयालाल सोमवार को साले की बेटी की शादी में जा रहा था। पीपलखूंट के पास बाइक पर जाते समय पीछे से आ रहे ट्रोले ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल कन्हैयालाल की उदयपुर जाते समय मौत हो गई।
कन्हैयालाल
बेटी की डोली उठने से दो दिन पहले उठी पिता की अर्थी