भास्कर न्यूज | जमशेदपुर/घाटशिला
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में दाखिला के लिए होने वाली जेईई एडवांस परीक्षा रविवार 20 मई को शहर के पांच परीक्षा केंद्रों पर हुई। पहली बार ऑनलाइन मोड में हुई परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली। परीक्षार्थियों ने कहा कि ऑफलाइन से आसान थी ऑनलाइन परीक्षा। ऑनलाइन परीक्षा होने की वजह से इस साल परीक्षार्थियों को उतर पुस्तिकाएं नहीं मिली। परीक्षार्थियों को केवल चार पेज का इन्स्ट्रक्शन मिला, जिसमें सवालों की प्रकृति के साथ ही मार्किंग स्कीम के बारे में जानकारी दी गई थी। दो पाली में हुई परीक्षा में 856 परीक्षार्थी बैठे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से 12 बजे और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक चली। दोनों पालियों में परीक्षार्थियों को 54 सवाल के जवाब देने थे। 54 सवाल 180-180 अंक के थे। दोनों पालियों के पेपर कुल 360 अंकों के थे। दोनों पेपर वेबसाइट पर जारी कर दिए जाएंगे।