सोमवार को घाटशिला कॉलेज के शिक्षकेतर कर्मियों ने झारखंड विश्व विद्यालय, महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के कोल्हान प्रक्षेत्र के आह्वान पर काला बिल्ला लगाकर काम किया। इस संबंध में जानकारी देते हुए महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के कोल्हान प्रक्षेत्र के कोषाध्यक्ष शुभनाथ झा ने बताया कि कॉलेज के कर्मी अपनी लंबित मांगो को लेकर 21 से 25 जून तक काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगो में लंबित वेतन निर्धारण को पूरा करना, एसीपी/एमएसीपी का लाभ कर्मियों को प्रदान करने, पूर्व की भांति सेवानिवृत्ति की उम्र 62 वर्ष करने सहित सातवें वेतनमान देने आदि की मांगें शामिल हैं। शुभनाथ झा ने बताया कि सरकार की उदासीनता के कारण एक ही स्थान पर कार्यरत कर्मियों को अलग-अलग लाभ प्रदान किया जा रहा है। मौके पर उपस्थित कर्मियों में शुभनाथ झा, गणेश ठाकुर, चंदना मुखर्जी, हीरालाल महतो आदि के साथ कई अन्य कर्मी मौजूद थे।
काला बिल्ला लगाकर काम पर आए कॉलेज कर्मी।