घाटशिला| झामुमो ने प्रेस वार्ता कर भाजपा नेताओं की जमकर खिंचाई की। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए झामुमो नेता जगदीश भकत ने कहा कि गत दिनों झाड़बेड़ा स्कूल दूसरे स्कूल में विलय होने पर भाजपा नेताओं ने गांव जाकर ग्रामीणों के समक्ष घड़ियाली आंसू बहाते हुए स्कूल विलय नहीं होने देने की बात कहीं थी। जबकि उन भाजपा नेताओं के अपने गृह पंचायत काशिदा और पावड़ा में कई स्कूल विलय के नाम पर बंद हो गए। इस पर किसी प्रकार की प्रतिक्रिया उनके द्वारा नहीं दी गई। काशिदा मध्य विद्यालय को कन्या मध्य विद्यालय में, पावड़ा प्रावि को हिन्दी मध्य विद्यालय में, काशिदा नव प्रावि को चेंगजोड़ा स्कूल में विलय कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जो लोग अपने गांव के स्कूल को बंद होने से नहीं रोक पाए वैसे नेता दूसरे क्षेत्र में जा कर स्कूल विलय को कैसे रोक सकते है। लोगों को उन नेताओं से सावधान रहने की जरूरत है। स्कूल विलय के खिलाफ झामुमो द्वारा ग्रामीणों के आंदोलन को उग्र रूप दिया गया। ताकि स्कूलों का विलय नीति वापस ली जाए। आने वाले विस सत्र में भी झामुमो के विधायकों द्वारा स्कूल विलय का विरोध किया जाएगा। मौके पर जगदीश भकत, विकास मजूमदार, हरिश पाल, मृत्युंजय यादव, भवानीशंकर पाल आदि शामिल थे।