एचसीएल की इंडियन कॉपर कॉम्प्लेक्स (आईसीसी) यूनिट की ओर से संचालित मऊभंडार स्पोर्ट्स क्लब के नए अध्यक्ष श्रवण कुमार झा बनाए गए हैं। एसके झा आईसीसी में एजीएम (वर्कर्स) के पद पर कार्यरत हैं। क्लब के नए उपाध्यक्ष के रूप में आईसीसी वर्कर्स में ही कार्यरत डिप्टी मैनेजर (एचआर) सुमित कुमार एक्का का मनोनयन हुआ है। स्पोर्ट्स क्लब के नए महासचिव के रूप में जयंत कुमार उपाध्याय की ताजपोशी हुई है। वहीं आईसीसी के ही पावर हाउस में कार्यरत क्लब के पूर्व सहायक सचिव नरेंद्र कुमार राय और फ्लैश मेकेनिकल के अरुण कुमार नाग को अपर (एडिशनल) महासचिव के पद से सुशोभित किया गया है। सहायक सचिव के दो अन्य पद पर फाइनांस से शक्ति प्रसाद धल और इलेक्ट्रिकल रनिंग प्लांट से चेतन सिन्हा का मनोनयन किया गया है। हालांकि कोषाध्यक्ष के एकमात्र पद पर आपसी सहमति नहीं बन पाई। ऐसे में दो दावेदार का नाम सामने आने पर बहुमत के आधार पर इलेक्ट्रिकल रिपेयरिंग शॉप के संदीप भट्टाचार्य का चुनाव कोषाध्यक्ष पद के लिए किया गया। इस पद के लिए एक अन्य दावेदार संदीप चटर्जी थे। नए पदाधिकारियों का चयन शुक्रवार की शाम स्पोर्ट्स क्लब परिसर में आयोजित वार्षिक आमसभा में हुआ। आमसभा की अध्यक्षता तथा संचालन आईसीसी वर्कर्स यूनियन के महासचिव ओमप्रकाश सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन नए मनोनीत अपर महासचिव नरेन्द्र कुमार राय ने किया। मौके पर बड़ी संख्या में क्लब के सदस्य उपस्थित थे।
कमेटी करेगी कार्यकारिणी के नौ सदस्यों का चयन
स्पोर्ट्स क्लब के नौ कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव क्लब की नवगठित कमेटी के पदाधिकारी करेंगे। आमसभा में सर्वसम्मति से चयन का अधिकार नवगठित कमेटी के पदाधिकारियों को दिया गया। स्पोर्ट्स क्लब की सदस्यता शुल्क डबल हो गई है। क्लब की बुकिंग चार्ज में भी बढ़ोतरी का प्रस्ताव वार्षिक आमसभा में सर्वसम्मति से पास हुआ। क्लब की मेंबर फीस 10 रुपए से बढ़ाकर 20 रुपए करने का निर्णय लिया गया। अगले एक माह के दरम्यान क्लब के सदस्यों की संख्या 164 से बढ़ाकर कम-से-कम 300 करने का भी लक्ष्य रखा गया है। क्लब की बुकिंग को लेकर भी नया प्रस्ताव लाया गया। इसके अंतर्गत बारात के ठहराव के लिए एक हजार रुपए शुल्क लिया जाएगा। शादी अथवा अन्य समारोह के शुल्क के लिए तीन अलग-अलग कैटेगरी तय की गई। क्लब के सदस्यों के लिए दो हजार रुपए, आईसीसी कर्मी जो क्लब के सदस्य नहीं हैं उनके लिए तीन हजार तथा बाहरी व्यक्तियों के लिए चार हजार रुपए शुल्क तय किया गया है।
मौके पर उपस्थित पदािधकारी।
ईमानदारी पूर्वक करूंगा काम : महासचिव
वार्षिक आमसभा में सर्वसम्मति से आईसीसी के अधिकारियों को भी मेंबरशिप देने का निर्णय लिया गया। क्लब के सदस्यों की घटती संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। साथ ही कंपनी से रिटायर हो चुके क्लब के पूर्व सदस्यों को एसोसिएट सदस्य के रूप में शामिल करने का भी निर्णय लिया गया। जेके उपाध्याय मऊभंडार स्पोर्ट्स क्लब के नव मनोनीत महासचिव बनाए गए हैं। जयंत कुमार उपाध्याय ने कहा कि क्लब के सदस्यों ने जो भरोसा उन पर कार्य के प्रति जताया है उसे वह ईमानदारी पूर्वक निभाने का प्रयास करेंगे। स्पोर्ट्स एक्टिविटी को बढ़ाने तथा फंड जेनरेट करने पर ज्यादा जोर होगा। उनकी कोशिश होगी कि ज्यादा से ज्यादा सदस्यों को क्लब से जोड़ा जाए।
सभा ये भी थे उपस्थित : स्पोर्ट्स क्लब की वार्षिक आमसभा में मुख्य रूप से आईसीसी वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष बीएन सिंहदेव, महासचिव ओमप्रकाश सिंह, क्लब के पूर्व महासचिव नवनीत लाल पटेल, सुनील दास, जयंत कुमार उपाध्याय, नरेंद्र कुमार राय, अरुण कुमार नाग, शक्तिप्रसाद धल, अभिजीत रॉय, विंध्याचल पांडेय, चेतन सिन्हा, बाप्पी बनर्जी, नवल सिंह, संदीप चटर्जी, संदीप भट्टाचार्य, मुनीब शर्मा, एंथोनी विल्सन, जेएस धारीवाल, आशीष राउल, सपन लाल, प्रदीप पाल समेत कई अन्य सदस्य उपस्थित थे। फोटो : मऊभंडार स्पोर्ट्स क्लब की वार्षिक आमसभा में उपस्थित यूनियन महासचिव ओमप्रकाश सिंह और अन्य।