भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अब्दुल करीम अंसारी की पहल पर पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला अनुमंडल के कब्रिस्तानों की घेराबंदी की पहल शुरू की जा रही है। इस संबंध में अब्दुल करीम अंसारी ने पूर्वी सिंहभूम के जिला कल्याण पदाधिकारी को पत्र लिखकर अनुमंडल के कब्रिस्तानों की घेराबंदी की मांग की थी। इस संबंध में पूर्वी सिंहभूम जिले के आइटीडीए के परियोजना निदेशक ने अब्दुल करीम अंसारी के पत्र का हवाला देते हुए घाटशिला, मुसाबनी व गुडाबांदा प्रखंड के अंचलाधिकारियों को पत्र लिखकर कब्रिस्तान की चहारदीवारी निर्माण हेतु भूमि का जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने की मांग की है। सीओ से जांच प्रतिवेदन मिलने के बाद कब्रिस्तानों की चहारदीवारी निर्माण हेतु अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात हो उक्त स्थानों पर कब्रिस्तान की घेराबंदी नहीं होने से कब्रिस्तान की भूमि पर अतिक्रमण होने का अंदेशा है। कब्रिस्तान की घेराबंदी नहीं होने से पशु घुसकर कब्र को अपवित्र कर रहे हैं।