सुबह से दिन में रही तीखी धूप, शाम को झमाझम बारिश
मौसम ने एक बार फिर करवट बदला है। दिनभर मौसम साफ रहने के बाद शाम में अचानक आसमान में बादल घिर आए तथा झमाझम बारिश हुई। दारीसाई मौसम विभाग के अनुसार करीब 15 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। बुधवार सुबह से आसमान साफ रहने के साथ दिन में तीखी धूप थी। वहीं गर्म हवा भी चली। इससे लोग परेशान थे। वहीं शाम 4 बजे के बाद अचानक मौसम बदलने लगा। आसमान में बादल घिर आए और तेज हवाएं चलने लगी और बारिश होने लगी। मौसम कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री रिकार्ड किया गया। बारिश के बाद पारा 3 डिग्री लुढ़ककर 37 डिग्री सेल्सियस हो गया। जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस था। बुधवार सुबह वातावरण में 30 फीसदी आर्द्रता दर्ज की गई। जो शाम को घटकर 25 फीसदी हो गई। मौसम विशेषज्ञों ने उत्तरी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई है।
बारिश होने के बाद लोगों को गर्मी से मिली राहत
बुधवार को बारिश होने के बाद मौसम ठंडा हो गया। इस बीच गरज के साथ बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। इस दौरान बिजली गुल रही। बारिश थमने तथा हवा बंद होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल होने में दो घंटे से ज्यादा समय लग गए। कई स्थानों पर फॉल्ट होने से बिजली आपूर्ति बाधित रही।