पति की प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने कोर्ट में बयान दर्ज कराया
कालाझरिया गांव निवासी फूलमनी हेंब्रम का बयान अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में दप्रसं की धारा 164 के तहत दर्ज किया गया। उसने अपने बयान में पति द्वारा प्रताड़ना के बारे में कोर्ट को अवगत कराया। जानकारी हो कि महिला ने पति समेत 3 लोगों के खिलाफ श्यामसुंदरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने उसके पति राजेश हेंब्रम, जेठ दशरथ हेब्रम, सास पार्वती हेंब्रम को जेल भेज दिया है। शिकायत में फूलमनी हेंब्रम ने पुलिस को बताया कि 5 साल पूर्व कालाझरिया निवासी राजेश हेंब्रम के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद उसकी पहली संतान बेटी हुई। उसके बाद से प्रताड़ित किया जाने लगा। जब दूसरी बेटी हुई तो और प्रताड़ित किया जाने लगा। बेटे की चाहत में पति सहित ससुरालवाले लगातार मारपीट करते रहते थे। इस मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी।