समग्र शिक्षा अभियान के तहत 12वीं कक्षा तक का 210 करोड़ का बजट
भास्कर न्यूज | जमशेदपुर/घाटशिला
पहली कक्षा से 12वीं तक के लिए बनाए गए समग्र शिक्षा अभियान के तहत पूर्वी सिंहभूम का 210 करोड़ रुपए का बजट तैयार किया गया है। इसमें कई नई योजनाएं शामिल की गई हैं। जिला शिक्षा विभाग ने इस बजट को मंजूरी के लिए राज्य कार्यालय को सौंप दिया है। अब वहां सभी जिलों के बजट को मिलाकर राज्य का बजट तैयार कर केन्द्रीय मानव संसाधान विभाग को भेजा जाएगा। मालूम हो कि नीति आयोग के सुझाव पर इस वर्ष से सर्व शिक्षा अभियान, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान और शिक्षक प्रशिक्षण को मिला कर समग्र शिक्षा अभियान बनाया गया है। इसके तहत पहली बार कक्षा एक से लेकर 12वीं कक्षा के लिए संयुक्त तौर पर बजट बनाया गया है। शिक्षण प्रशिक्षण कॉलेजों के लिए भी बजट समग्र शिक्षा अभियान के तहत ही शामिल है। पहले सर्व शिक्षा अभियान के तहत पहली से 8वीं कक्षा तक का बजट तैयार होता था। इसमें अधिकतम 100 करोड़ रुपए तक का ही बजट बनता था। 8वीं से 12वीं तक का बजट रमशा के तहत मिलता था। लेकिन अब एकीकृत बजट बना है। इसके तहत आधारभूत संरचना बढ़ाने, अतिरिक्त वर्ग कक्षाएं बनाने, डायट, मिडिल और हाई स्कूलों को अपग्रेड करने जैसे प्रस्ताव शामिल हैं।
बजट प्रस्ताव में शामिल नई योजनाएं
7 मिडिल स्कूल होगा हाई स्कूल में अपग्रेड
समग्र शिक्षा अभियान के तहत जो बजट बनाया गया है, उसके तहत 7 मध्य विद्यालयों को हाईस्कूल में और 8 हाई स्कूलों को प्लस टू में अपग्रेड करना है। ऐसे में इसके आधारभूत संरचना के विकास पर बड़ी राशि खर्च करने का प्रस्ताव है।
स्कूल में अतिरिक्त कक्षा बनाने का प्रस्ताव
जिले के विभिन्न हाईस्कूलों में 149 अतिरिक्त वर्ग कक्ष बनाने का प्रस्ताव है। इस पर करोड़ों रुपए खर्च होने का अनुमान है। इससे संबंधित राशि का प्रावधान भी इस बजट में किया गया है। इसके अलावा प्राथमिक और मवि में 418 वर्ग कक्ष बनाने का प्रस्ताव है।