सौ साल से ज्यादा उम्र के मतदाताओं को प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। जिले में ऐसे मतदाताओं की पहचान की गई है जिनकी संख्या 105 है। उक्त आशय का फैसला उपायुक्त कार्यालय में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के आदेश पर जिला प्रशासन के द्वारा मतदाता सूची का स्पेशल समरी रिविजन विद इंटेसिव केयर चलाया जाना है। इस दौरान सौ साल से ज्यादा उम्र के मतदाताओं की पहचान की जाएगी। उम्र का सत्यापन किया जाएगा। अगर किसी मतदाता की मृत्यु हो गई है उसका नाम मतदाता सूची से हटा दिया जाएगा। सौ साल से ज्यादा उम्र के मतदाता को स्थानीय जनप्रतिनिधियों व बीएलओ के साथ तस्वीर लेकर भारत निर्वाचन आयोग के साइड पर अपलोड किया जाएगा। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
लोक सभा चुनाव की तैयारी के क्रम में निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी, मास्टर ट्रेनर , सुपरवाइजर व छह विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के 24 बीएलओ , 24 सुपरवाइजर व कंप्यूटर आपरेटर को प्रशिक्षण भी दिया गया। मौके पर एसडीओ माधवी मिश्रा, डीटीओ रवि रंजन विक्रम, घाटशिला के एसडीओ अरविंद कुमार लाल, उप निर्वाचन पदाधिकारी गायत्री कुमारी,सीओ महेश्वर महतो, कार्यपालक दंडाधिकारी अस्मिता सिंह, अनिता केरकेट्टा आदि मौजूद थे।