विधायक लक्ष्मण टुडू ने रविवार को दामपाड़ा के बरडीह गांव में 25 केवीए के ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया। ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक माह से ट्रांसफार्मर खराब रहने से गांव में बिजली नहीं थी। विधायक से ग्रामीणों ने नए बिजली ट्रांसफार्मर लगाने के लिए आवश्यक पहल की मांग की थी। विधायक की तत्परता से गांव में नए बिजली ट्रांसफार्मर उपलब्ध करा दिया गया। इससे गांव में बिजली बहाल हो सकी है। बरडीह गांव के ग्रामीणों ने विधायक लक्ष्मण टुडू के साथ बैठक कर गांव की विभिन्न समस्याएं रखी। इसमें गांव में ग्राम महिला संगठन का कार्यालय, पीसीसी सड़क निर्माण, खराब चापाकलों को दुरूस्त करने तथा शौचालय निर्माण की मांग रखी गयी। ग्राम महिला संगठन की महिलाओं ने विधायक को बताया कि गांव में स्वच्छ भारत अभियान के तहत एक भी शौचालय का निर्माण नहीं कराया गया है। गांव के लोग मजबूरन खुले में शौच को मजबूर है। प्रखंड में गांव में बनाए जाने वाले 140 शौचालयों की सूची भी सौंपी गई थी। लेकिन अब तक पहल नहीं हुई है। इस पर विधायक ने कहा कि वह ग्रामीणों की समस्या के निदान के प्रति आवश्यक पहल करेंगे।