चंदवा | रांची-डालटनगंज एनएच 39 पर थाना क्षेत्र के अमझरिया घाटी में गुरुवार की सुबह अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से गढ़वा जिला के धुरकी प्रखंड के बीडीओ रंजीत सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गए। वे बोलेरो (जेएच03एस-8057) पर सवार थे। ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चंदवा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया है। उनके सिर पर 14 टांके लगाए गए हैं। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बीडीओ सिन्हा धुरकी से निर्वाचन कार्य के लिए रांची जा रहे थे। ज्योंही वे अमझरिया घाटी में पहुंचे कि विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिससे बोलेरो सङक़ के किनारे चला गया। ट्रक भागने में सफल रहा। इस आशय की प्राथमिकी चंदवा थाना में दर्ज कर ली गई है। पुलिस ट्रक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।