घोड़ाडोंगरी. जनपद उपाध्यक्ष को पानी की समस्या बताते हुए ग्रामीण।
भास्कर संवाददाता | घोड़ाडोंगरी
बजरंग कॉलोनी के लाेग 6 माह से पानी नहीं मिलने से परेशान हैं। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। सोमवार को पेयजल की समस्या को लेकर बजरंग कालोनी के 2 दर्जन से अधिक लोग जनपद पंचायत पहुंचीं। यहां पर उन्होंने जनपद उपाध्यक्ष एमएल परते को समस्या बताई। वार्ड क्रमांक 5 के लोगों का कहना था कि वार्ड में पांच-छह दिन में एक बार नल आता है। पर्याप्त समय तक पानी नहीं आता। पाइप लाइन में लीकेज होने से चढ़ाई क्षेत्र में पानी नहीं पहुंचता। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उपाध्यक्ष मिश्रीलाल परते ने हैंडपंप में पाइप की संख्या बढ़ाने और पाइप लाइन के सीपेज को ठीक करवाए जाने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर कृष्ण राव गायकवाड़, बुद्धराव बर्डे, कपूर वर्मा, दीपक धोटे, अरविंद गायकवाड़, रामदास आरसे, नारायण आरसे, विनोद आरसे, लता माथनकर, पूनम परिहार, आरती ठोके, रहमान खान और सदस्य उपस्थित थे।