अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत
गिद्दी-नयामोड़ मार्ग के हेसालौंग नापो टोंगरिया बोरसरना सड़क पर बुधवार की शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हेसालौंग निवासी संतोष भुइयां उर्फ पंडरा (27) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। युवक की मौत होने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने मृतक के विधवा को प्रधानमंत्री आवास व विधवा पेंशन व मुवावजा देने की मांग को लेकर युवक के शव को बीच सड़क पर रखकर गिद्दी-नयामोड़ मार्ग जाम कर दिया।
बाद में गिद्दी थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह व डाड़ी प्रखंड के जीपीएस आशीष पंडा ने अंचल से मृतक के आश्रित को काम-क्रिया के लिए बीस हजार रुपए दिलवाने के साथ-साथ दुर्घटना बीमा की राशि दिलवाने की प्रक्रिया करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने शाम छह बजे जाम हटा लिया। वहीं गिद्दी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बताया कि संतोष भुइयां नापो की ओर से अपने घर हेसालौंग पैदल जा रहा था। इतने में अज्ञात वाहन युवक को धक्का मार कर फरार हो गया। बाद में राहगीरों ने संतोष को सड़क किनारे गिरा पाया। जिसके बाद ग्रामीणों ने संतोष के सड़क के किनारे मृत अवस्था में पड़े होने की जानकारी परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही संतोष की मां सुमा देवी, पिता प्रभन भुइयां घटना स्थल पहुंचे जहां मां के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। जबकि संतोष भुइयां की विधवा सुनीता देवी अपने दो बच्चे कार्तिक कुमार (8) व करण कुमार (6) के साथ अपने माइके हजारीबाग सदर प्रखंड के तुरा बस्ती गई हुई है। सड़क जाम करने वालों में मुखिया पच्चू भुइयां, पंसस कौलेश्वर रजवार, गोविंद राम, मथुरा रजवार, रामप्रवेश गोप, जन्मेजय तिवारी, महेंद्र प्रसाद, कमल गोप, मदन राम, जगजीवन राम, राजेंद्र गोप, ताराचंद चौधरी, रंजीत प्रसाद सहित दर्जनों लोग शामिल थे।