बलसगरा पंचायत सचिवालय में सोमवार को मनरेगा के तहत 84 योजनाओं को लेकर जनसुनवाई किया गया। जनसुनवाई में सामाजिक अंकेक्षण दल ने मनरेगा के तहत कुआं, डोभा, गाय, बकरी व शूकर शेड तथा तालाब के लाभुकों की बात सुनी। साथ ही पंचायत में मनरेगा के तहत हुए कार्यों के कागजातों की जांच की। अंकेक्षण दल में शामिल मासूम अंसारी ने बताया कि जांच में कई कमियां उजागर हुई हैं। जिसके बाद संबंधित लोगों पर जुर्माना लगाया गया है।
इसके तहत 100 मीटर के अंदर मनरेगा के दो कूप पाए जाने पर 100 रुपए जुर्माना, दो वर्ष पूर्व किए गए कार्य में 3 मजदूरों के 24 दिन का मजदूरी बाकी है जिसपर 1000 जुर्माना एवं 7 दिनों के अंदर भुगतान, 4 बकरी शेड धरातल पर नहीं पाए जाने पर 7 दिनों के अंदर भुगतान व प्रतियोजना 200 रुपए जुर्माना, योजना चयन में प्राथमिकता का उल्लंघन पर 300 रुपए जुर्माना, 49 योजनाओं का 136 मस्टर रोल पर छेड़छाड़ करने, 16 योजनाओं में सामग्री दिए बगैर 717507 रुपए निकासी करने, फाइनल मापी पुस्तिका करने के बाद 974761 रुपए का गलत निकासी व सामग्री का भुगतान, 40 योजनाओं में कार्य स्थल सुविधा मनरेगा प्रावधान के अनुसार मजदूरों का नहीं दिए जाने, जिसके एवज में 12 योजनाओं के फर्जी बिल वाउचर होने के कारण 29400 की वसूली करने तथा बगैर कार्य किए मजदूर का 19 दिन का मानव दिवस की वसूली करने का फैसला लिया गया। जनसुनवाई की अध्यक्षता एकलाख अंसारी व संचालन मासूम अंसारी ने किया। मौके पर मुखिया अंजली दास, उप मुखिया पूनम देवी, पंसस रीना देवी, गंगा देवी, रामभजन राम, सुरेश राम, शशि कुमार, विद्या देवी आदि समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।
बलसगरा पंचायत मंे सोशल ऑडिट के मौके पर मौजूद लोग।