गिद्दी वाशरी सबस्टेशन से गिद्दी खदान व वाशरी प्लांट की बिजली लाइन काटी
एनसीओईए के क्षेत्रीय सचिव अरूण कुमार सिंह ने शनिवार की दोपहर 3.35 बजे गिद्दी वाशरी सब स्टेशन पहुंच गिद्दी खदान व गिद्दी वाशरी प्लांट का बिजली लाइन काट दिया। यूनियन नेता भुरकुंडा मेन लाइन मरम्मत कराने के नाम पर प्रबंधन द्वारा लगातार दो दिनों से दोपहर में घंटों लाइन काटने पर अपना विरोध जता रहे थे।
इस दौरान यूनियन नेता के द्वारा बिजली काटे जाने की बात सुन एनसीओईए के क्षेत्रीय अध्यक्ष बिंदेश्वरी सिंह भी सब स्टेशन पहुंच गए। बाद में दोनों नेता कॉलोनी में लाइन देने की मांग को लेकर वाशरी सब स्टेशन में ही बैठ गए। बाद में गिद्दी वाशरी सबस्टेशन के उदय सिंह ने भुरकुंडा मेन लाइन की मरम्मत कार्य बंद करवाकर शाम पांच बजे कॉलोनी का लाइन बहाल कर दिया। साथ ही भविष्य में मरम्मत के नाम पर कॉलोनी में घंटों लाइन नहीं काटने का आश्वासन दिया। जिसके बाद यूनियन नेता सबस्टेशन से वापस लौट गए। अरूण कुमार सिंह ने बताया कि गिद्दी सबस्टेशन प्रबंधन भुरकुंडा मेन लाइन की मरम्मत कराने के नाम पर शुक्रवार को भीषण गर्मी में पूर्वाह्न 11.35 से शाम पौने सात बजे तक कॉलोनी में बिजली लाइन दिया था। पुनः शनिवार की दोपहर सवा एक बजे कॉलोनी का लाइन काट दिया। कॉलोनी की लाइन काटे जाने की बात स्टाफ ऑॅफिसर अरगडा, गिद्दी पीओ से पूछने पर जानकारी नहीं होने की बात कही। बाद में प्रबंधन की ओर से कॉलोनी में लाइन देने के लिए कोई पहल नहीं किए जाने पर वाशरी सबस्टेशन से गिद्दी खदान व वाशरी प्लांट का लाइन काट दिया गया। अरूण कुमार सिंह का कहना था कि प्रबंधन को भुरकुंडा मेन लाइन का मरम्मत का कार्य कराना है तो सबों को इसकी जानकारी देकर सुबह के समय में मरम्मत का कार्य कराने का काम करे। न कि दोपहर में काटकर कर्मियों को परेशान करे।